धमतरी: स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की समीक्षा बैठक, कलेक्टर ने दिए जरूरी निर्देश

0

धमतरी: स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की समीक्षा बैठक, कलेक्टर ने दिए जरूरी निर्देश

मातृ-शिशु स्वास्थ्य, कुपोषण मुक्ति और हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं की देखभाल पर विशेष जोर



उत्तम साहू,धमतरी, 26 अगस्त 2026। बारिश के मौसम में मौसमी एवं जलजनित बीमारियों की रोकथाम के साथ जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। सोमवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित जिला स्तरीय स्वास्थ्य समीक्षा बैठक में उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक तक समय पर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधा पहुंचे और मैदानी स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं की लगातार निगरानी की जाए।

बैठक में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं, राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों, मातृ-शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण और कुपोषण मुक्ति अभियान की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।

मौसमी बीमारियों को लेकर रहें सतर्क

बारिश के मौसम को देखते हुए कलेक्टर ने स्वास्थ्य अमले को अलर्ट रहने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्रों में आवश्यक दवाइयों, जांच सुविधाओं और उपचार व्यवस्था की नियमित समीक्षा करने कहा। ग्रामीण क्षेत्रों में बुखार, डायरिया, सर्दी-खांसी सहित मौसमी बीमारियों की समय पर पहचान और उपचार सुनिश्चित करने के साथ लोगों को स्वच्छ पेयजल, स्वच्छता और बीमारी से बचाव के प्रति जागरूक करने पर भी जोर दिया।

मगरलोड में बनेगा बेहतर स्वास्थ्य सुविधा वाला नया भवन

मगरलोड सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के जर्जर भवन के स्थान पर नए भवन निर्माण के लिए राशि स्वीकृत होने की जानकारी बैठक में दी गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को वर्तमान स्थल से अधिक बड़े और उपयुक्त स्थान का चयन करने के निर्देश दिए, ताकि भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए अस्पताल का सुनियोजित विकास किया जा सके।

हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं को मिलेगी निःशुल्क सोनोग्राफी

कलेक्टर ने उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की नियमित जांच और उपचार को सर्वोच्च प्राथमिकता देने कहा। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि हाई रिस्क प्रेग्नेंसी के मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। ऐसी महिलाओं के लिए निःशुल्क सोनोग्राफी सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में 25 अगस्त को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नगरी में विशेष निःशुल्क जांच एवं सोनोग्राफी शिविर आयोजित किया जाएगा।

कुपोषित बच्चों को NRC तक पहुंचाने पर जोर

कुपोषण मुक्ति अभियान की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग और मितानिनों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने चिन्हित कुपोषित बच्चों को आवश्यकता के अनुसार पोषण पुनर्वास केंद्र (NRC) में भर्ती कराने और उनके स्वास्थ्य एवं पोषण की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने कहा।

गंभीर बीमारियों से पीड़ित बच्चों का हो त्वरित उपचार

राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (RBSK) की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने बच्चों में हृदय, आंख, कान सहित अन्य गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं की समय पर पहचान पर विशेष जोर दिया। उन्होंने चिन्हित बच्चों को आवश्यक जांच और उपचार के लिए संबंधित अस्पतालों से समन्वय कर तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने तथा उपचार की प्रगति पर नियमित नजर रखने के निर्देश दिए।

अकला डोंगरी उप स्वास्थ्य केंद्र जल्द होगा शुरू

ग्राम अकला डोंगरी में प्रस्तावित उप स्वास्थ्य केंद्र के शुभारंभ से पहले कलेक्टर स्वयं स्थल का निरीक्षण करेंगे। उन्होंने अधिकारियों को भवन, बिजली, पेयजल, स्वच्छता, आवश्यक उपकरण सहित सभी मूलभूत व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए।

बैठक में जिले के सभी खंड चिकित्सा अधिकारी, जिला कार्यक्रमों के नोडल अधिकारी तथा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। इस दौरान मातृ-शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण, राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों और मैदानी स्वास्थ्य सेवाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !