विधायक अंबिका मरकाम ने किया नवीन ग्राम पंचायत भवन का भूमिपूजन
पांवद्वार की वर्षों पुरानी मांग हुई पूरी, ग्रामीणों को मिलेंगी बेहतर प्रशासनिक एवं विकास संबंधी सुविधाएं
उत्तम साहू,नगरी। सिहावा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत पावद्वार में लंबे समय से लंबित नवीन ग्राम पंचायत भवन निर्माण की मांग आखिरकार पूरी हो गई। गुरुवार को क्षेत्रीय विधायक अंबिका मरकाम ने विधिवत पूजा-अर्चना के साथ नवीन ग्राम पंचायत भवन निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। इस अवसर पर ग्रामीणों में उत्साह का माहौल देखने को मिला और उन्होंने इसे गांव के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम पंचायत पावद्वार के सरपंच राकेश नेताम ने की। समारोह में पूर्व विधायक श्रवण मरकाम, जिला पंचायत सदस्य गरिमा नेताम, जिला कांग्रेस कमेटी धमतरी के उपाध्यक्ष भानेन्द्र ठाकुर, सरपंच संघ नगरी के अध्यक्ष उमेश देव, सरपंच उत्तम नेताम (राजपुर), आत्माराम नेताम (देवपुर), मुकेश कुंजाम (कुंगेरा), रूपेंद्र मरकाम (कलमेटा), जिला उपाध्यक्ष युवा कांग्रेस प्रेमांशु प्रजापति, ग्राम सभा अध्यक्ष ज्ञानेश्वरी नेताम, पूर्व जनपद सदस्य दलगंजन मरकाम सहित जनप्रतिनिधि, पंचगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
इस अवसर पर विधायक अंबिका मरकाम ने कहा कि ग्राम पंचायत भवन ग्रामीण स्वशासन की सबसे महत्वपूर्ण इकाई है। यह भवन केवल प्रशासनिक कार्यों का केंद्र नहीं होगा, बल्कि गांव के समग्र विकास, जनभागीदारी और शासन की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का प्रमुख केंद्र बनेगा। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की वर्षों पुरानी मांग पूरी होने से पंचायत व्यवस्था और अधिक सशक्त होगी।
उन्होंने बताया कि नवीन पंचायत भवन बनने से जन्म-मृत्यु पंजीयन, आय, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र संबंधी अनुशंसाएं, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना सहित विभिन्न शासकीय योजनाओं से जुड़े कार्यों के संचालन में सुविधा मिलेगी। साथ ही ग्राम सभा एवं पंचायत की बैठकें, महिला स्व-सहायता समूहों की गतिविधियां, युवाओं के प्रशिक्षण कार्यक्रम तथा विकास योजनाओं की समीक्षा भी बेहतर ढंग से की जा सकेगी।
विधायक ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार और पंचायतों को मजबूत बनाना उनकी प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य के साथ सिहावा विधानसभा क्षेत्र में लगातार विकास कार्यों को गति दी जा रही है।
कार्यक्रम के अंत में विधायक अंबिका मरकाम ने निर्माण एजेंसी से पंचायत भवन का निर्माण गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा में पूरा करने का आग्रह किया। वहीं ग्रामीणों ने पंचायत भवन की स्वीकृति एवं भूमिपूजन के लिए विधायक का आभार व्यक्त करते हुए इसे गांव के विकास की दिशा में ऐतिहासिक पहल बताया।




