महानदी एकेडमी में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ स्टूडेंट काउंसिल इन्वेस्टिचर सेरेमनी
एसडीओपी विपिन रंगारे ने दिलाई शपथ, थाना प्रभारी उमेश कुमार पाटिल ने दिया नशामुक्त जीवन का संदेश
उत्तम साहू,नगरी। क्षेत्र के एकमात्र सीबीएसई संबद्ध विद्यालय महानदी एकेडमी में गुरुवार को छात्र नेतृत्व, अनुशासन, उत्तरदायित्व एवं सेवा भावना को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से भव्य इन्वेस्टिचर सेरेमनी (स्टूडेंट काउंसिल इंडक्शन प्रोग्राम) का आयोजन गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। समारोह में विद्यालय की नवगठित स्टूडेंट काउंसिल, विभिन्न हाउस कैप्टनों एवं वाइस कैप्टनों को मुख्य अतिथियों द्वारा सेश पहनाकर पद एवं दायित्व सौंपे गए।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एसडीओपी विपिन रंगारे एवं विशिष्ट अतिथि थाना प्रभारी उमेश कुमार पाटिल रहे। कार्यक्रम में विद्यालय के डायरेक्टर मोहन नाहटा, निकेश सिंह ठाकुर, अहमद रज़ा, अजय कुमार छाजेड़ तथा प्राचार्य शैलेंद्र पवार सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि एसडीओपी विपिन रंगारे ने नव-निर्वाचित छात्र पदाधिकारियों को निष्ठा, ईमानदारी एवं कर्तव्यपरायणता की शपथ दिलाई। अपने प्रेरक संबोधन में उन्होंने कहा कि नेतृत्व केवल पद प्राप्त करना नहीं, बल्कि जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करना है। उन्होंने विशेष रूप से कक्षा 10वीं, 11वीं एवं 12वीं के विद्यार्थियों को अपने जीवन के इस महत्वपूर्ण समय का सदुपयोग करते हुए अनुशासन, चरित्र निर्माण और लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा दी।
विशिष्ट अतिथि थाना प्रभारी उमेश कुमार पाटिल ने विद्यार्थियों को नशामुक्त जीवन अपनाने, कानून का सम्मान करने तथा एक जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि आज का युवा यदि सही दिशा में आगे बढ़े तो वह समाज और राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य का आधार बन सकता है।
इस अवसर पर विद्यालय की छात्र परिषद के पदाधिकारियों की औपचारिक घोषणा करते हुए हेड बॉय अंश गौतम, हेड गर्ल श्रेयसी नाग, कल्चरल सेक्रेटरी सिदरा मेमन तथा स्पोर्ट्स सेक्रेटरी भवेश गंगबेर को उनके दायित्व सौंपे गए।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। विद्यालय प्रबंधन ने विश्वास जताया कि नवगठित छात्र परिषद नेतृत्व क्षमता, अनुशासन एवं सेवा भावना के साथ कार्य करते हुए विद्यालय की गरिमा और उत्कृष्ट परंपराओं को नई ऊँचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।



