जनपद सीईओ एन.के. मांझी ने की विकास कार्यों की समीक्षा, पंचायत प्रतिनिधियों को दिए अहम निर्देश
102 ग्राम पंचायतों के सरपंच सचिवों को VB G RAM G अधिनियम-2025 की दी गई विस्तृत जानकारी, पारदर्शी एवं जवाबदेह पंचायत व्यवस्था पर दिया गया जोर
उत्तम साहू,नगरी। जनपद पंचायत नगरी द्वारा गुरुवार को हल्बा शक्ति सदन में विकासखंड की सभी 102 ग्राम पंचायतों के सरपंचों एवं सचिवों की महत्वपूर्ण बैठक एवं एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जनपद पंचायत नगरी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री एन.के. मांझी (नारद मांझी) ने की। इस दौरान शासन की विभिन्न ग्रामीण विकास योजनाओं एवं चल रहे विकास कार्यों की व्यापक समीक्षा करते हुए उनके समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन के निर्देश दिए गए।
बैठक में VB G RAM G अधिनियम-2025 के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया गया। सीईओ श्री मांझी ने कहा कि ग्राम पंचायतें ग्रामीण विकास की सबसे महत्वपूर्ण इकाई हैं और योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पारदर्शिता एवं जवाबदेही के साथ पहुंचाना जनप्रतिनिधियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी सरपंचों एवं सचिवों से शासन की योजनाओं को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ लागू करने का आह्वान किया।
प्रशिक्षण कार्यशाला में प्रतिभागियों को अधिनियम-2025 के उद्देश्य, ग्राम पंचायतों की भूमिका एवं दायित्व, विकसित ग्राम पंचायत योजना, परिवार पंजीयन, ग्रामीण रोजगार कार्ड, निगरानी एवं शिकायत निवारण प्रणाली, सामाजिक अंकेक्षण, पारदर्शिता तथा विभिन्न ग्रामीण विकास योजनाओं के अभिसरण जैसे महत्वपूर्ण विषयों की विस्तृत जानकारी दी गई।
प्रशिक्षकों ने बताया कि अधिनियम का उद्देश्य ग्राम पंचायतों को अधिक सक्षम, जवाबदेह और आत्मनिर्भर बनाते हुए ग्रामीण विकास को नई दिशा देना है। साथ ही योजनाओं के प्रभावी संचालन एवं जनभागीदारी बढ़ाने के लिए पंचायत प्रतिनिधियों की भूमिका को और मजबूत किया जाएगा।
कार्यशाला के अंत में सभी सरपंचों एवं सचिवों ने अपने-अपने ग्रामों में VB G RAM G अधिनियम-2025 के प्रावधानों को प्रभावी ढंग से लागू करने तथा विकसित, आत्मनिर्भर एवं समृद्ध ग्राम पंचायतों के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी आर.एस. नेताम, एडीईओ सुश्री चित्ररेखा नेताम, कार्यक्रम अधिकारी आयुष झा, स्वच्छ भारत मिशन की बीसी श्रीमती योगिता बाला कश्यप, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के बीसी अजम्बर सिंह, मो. अजहर सहित जनपद पंचायत के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



