भखारा आईटीआई परिसर में आकार ले रहा ‘ऑपरेशन सिंदूर उद्यान’
31 लाख की लागत से विकसित उद्यान में बढ़ी हरियाली, औषधीय और फलदार पौधे बने आकर्षण का केंद्र
उत्तम साहू,धमतरी, 10 अगस्त 2026। शासकीय आईटीआई परिसर भखारा में पर्यावरण वानिकी मद से करीब 31 लाख रुपए की लागत से विकसित किया गया ‘ऑपरेशन सिंदूर उद्यान’ अब धीरे-धीरे अपने आकर्षक स्वरूप में निखरने लगा है। उद्यान में लगाए गए विभिन्न प्रजातियों के पौधे बढ़ने लगे हैं, जिससे आईटीआई परिसर में हरियाली की सुंदर छटा दिखाई देने लगी है।
उद्यान में औषधीय, फलदार और छायादार प्रजातियों के पौधे लगाए गए हैं। पौधों के विकास के साथ परिसर का वातावरण अधिक हरा-भरा और आकर्षक हो रहा है। आने वाले समय में यह उद्यान विद्यार्थियों एवं स्थानीय नागरिकों के लिए प्राकृतिक वातावरण के बीच समय बिताने के साथ ही पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का उपयोगी केंद्र बन सकता है।
उल्लेखनीय है कि शासकीय आईटीआई भखारा परिसर में निर्मित ‘ऑपरेशन सिंदूर उद्यान’ का लोकार्पण अप्रैल माह में क्षेत्रीय विधायक अजय चंद्राकर द्वारा किया गया था। इसी अवसर पर मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना के अंतर्गत लाइवलीहुड (भखारा-भठेली) केंद्र का उद्घाटन भी किया गया तथा युवाओं को प्रशिक्षण किट प्रदान की गई।
इन पहलों के माध्यम से क्षेत्र में पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ युवाओं के कौशल विकास, रोजगार और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है। वर्तमान में उद्यान में बढ़ती हरियाली इस पहल के सकारात्मक परिणामों को दर्शा रही है।
पेड़-पौधों के और विकसित होने के साथ आने वाले समय में ‘ऑपरेशन सिंदूर उद्यान’ भखारा क्षेत्र के एक सुंदर हरित एवं पर्यावरणीय स्थल के रूप में पहचान बना सकता है। पर्यावरण संरक्षण और कौशल विकास को एक ही परिसर में बढ़ावा देने वाली यह पहल विकास और प्रकृति के बीच संतुलन का सार्थक उदाहरण बन रही है।


