नगरी-सिहावा राइस मिल्स एसोसिएशन का जिला स्तरीय सावन मिलन समारोह संपन्न
मुरुमसिल्ली रेस्ट हाउस में हुआ भव्य आयोजन, विधायक अंबिका मरकाम ने दी सावन मिलन की शुभकामनाए
उत्तम साहू
नगरी। नगरी-सिहावा राइस मिल्स एसोसिएशन के तत्वावधान में जिला स्तरीय सावन मिलन समारोह का भव्य एवं उत्साहपूर्ण आयोजन मुरुमसिल्ली रेस्ट हाउस में किया गया। प्राकृतिक एवं मनोरम वातावरण के बीच आयोजित इस समारोह में राइस मिल उद्योग से जुड़े व्यवसायियों, पदाधिकारियों एवं गणमान्य नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि सिहावा विधायक श्रीमती अंबिका मरकाम रहीं। समारोह में विधायक अंबिका मरकाम का नगरी-सिहावा राइस मिल्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों एवं सदस्यों द्वारा आत्मीय स्वागत किया गया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे को सावन मिलन की शुभकामनाएं देते हुए आपसी भाईचारे, प्रेम, सौहार्द एवं सामाजिक समरसता का संदेश दिया।
विधायक अंबिका मरकाम ने सभी राइस मिल संचालकों, व्यापारियों एवं उनके परिवारजनों को सावन मिलन की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज और व्यवसाय से जुड़े लोगों को एक-दूसरे के करीब लाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। आपसी मेल-मिलाप और संवाद से सामाजिक संबंध मजबूत होते हैं तथा सहयोग की भावना को बढ़ावा मिलता है।
उन्होंने राइस मिल उद्योग से जुड़े सभी लोगों की उन्नति एवं समृद्धि की कामना करते हुए कहा कि क्षेत्र के आर्थिक विकास में व्यापार एवं उद्योग जगत की महत्वपूर्ण भूमिका है। नगरी-सिहावा क्षेत्र में विभिन्न व्यवसायों और उद्योगों से जुड़े लोगों की मेहनत से स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिल रहा है।
विधायक ने नगरी-सिहावा राइस मिल्स एसोसिएशन द्वारा आयोजित सावन मिलन समारोह की सराहना करते हुए कहा कि भविष्य में भी इस तरह के सामाजिक एवं मिलन समारोह आयोजित होते रहने चाहिए, जिससे आपसी एकता और भाईचारे को मजबूती मिलती रहे।
समारोह में नगरी-सिहावा राइस मिल्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अनिल वधवानी, मोहन लालवानी, अजय नहाटा, सचिन भंसाली, जावेद मेमन, अनिल बोहरा, विकास छाजेड़, युसूफ मेमन, मयंक ध्रुव, रामाराव, रौनक बोहरा, बंटी चोपड़ा एवं अभय नहाटा सहित एसोसिएशन से जुड़े अनेक पदाधिकारी, सदस्य एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सदस्यों ने एसोसिएशन की गतिविधियों, आपसी सहयोग तथा क्षेत्र में राइस मिल उद्योग से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी विचार-विमर्श किया। मुरुमसिल्ली के खूबसूरत प्राकृतिक वातावरण में आयोजित इस समारोह में सभी ने आत्मीयता के साथ एक-दूसरे से मुलाकात कर सावन मिलन को यादगार बनाया।
अंत में एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने मुख्य अतिथि विधायक अंबिका मरकाम सहित सभी अतिथियों एवं उपस्थित सदस्यों का आभार व्यक्त किया। समारोह हर्षोल्लास, प्रेम और आत्मीय वातावरण में संपन्न हुआ।

