नगरी नगर पंचायत में दिखी भाईचारे की अनूठी मिसाल..रक्षा सूत्र ने बांधा जनप्रतिनिधियों को एकता के बंधन में,
उत्तम साहू 27 अगस्त 26
नगरी। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर नगर पंचायत नगरी में इस बार का आयोजन केवल भाई-बहन के प्रेम तक सीमित नहीं रहा, बल्कि जनप्रतिनिधियों के बीच आपसी स्नेह, सम्मान और एकजुटता का संदेश भी दे गया। महिला जनप्रतिनिधियों ने नगर पंचायत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं पार्षदों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधकर मिठाई खिलाई और उनके सुखद, उज्ज्वल एवं सफल भविष्य की कामना की।
गीत-संगीत और हंसी-खुशी के माहौल में हुए इस आत्मीय आयोजन में राजनीतिक मतभेदों से परे एक परिवार जैसी तस्वीर नजर आई। महिला पार्षदों द्वारा बांधे गए रक्षा सूत्र ने जनप्रतिनिधियों को आपसी प्रेम और सहयोग के धागे में बांधने का काम किया।
इस अवसर पर सभी जनप्रतिनिधियों ने नगरी नगर के विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि दलगत राजनीति से ऊपर उठकर आम नागरिकों की सुविधाओं, मूलभूत जरूरतों और जनहित से जुड़े कार्यों के लिए मिलजुलकर प्रयास किए जाएंगे। साथ ही जनप्रतिनिधियों के बीच भाईचारा, सम्मान और सहयोग की भावना को निरंतर मजबूत बनाए रखने की बात कही गई।
नई नगर पंचायत बॉडी के गठन के बाद इस तरह के आयोजनों से जनप्रतिनिधियों के बीच आपसी सामंजस्य और एकता की तस्वीर और मजबूत होती दिखाई दे रही है। रक्षाबंधन का यह आयोजन मानो अलग-अलग विचारों और जिम्मेदारियों को एक ही धागे में पिरोने वाला अवसर बन गया।
नगर पंचायत नगरी की यह पहल एक सकारात्मक संदेश भी देती है कि जनप्रतिनिधि जब व्यक्तिगत एवं राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर एक मंच पर आते हैं, तो विकास और जनहित के कार्यों को नई दिशा और गति मिलती है।
कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा, उपाध्यक्ष विकास बोहरा, पार्षद अश्विनी निषाद, शंकर देव, देवचरण ध्रुव, यश करण पटेल, राजा पवार, चिलेश्वरी साहू, डागेश्वरी साहू, विनीता कोठारी, अंबिका ध्रुव, मिकी गुप्ता सहित महिला कर्मचारी वंदना साहू एवं अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

