चाकू की नोक पर सोने का लॉकेट लूटने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार

0

 

चाकू की नोक पर सोने का लॉकेट लूटने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार

सिटी कोतवाली पुलिस ने लूट की वारदात का किया त्वरित खुलासा, सोने का लॉकेट, चाकू और बाइक बरामद



उत्तम साहू 

धमतरी, 18 अगस्त 2026। शहर में चाकू की नोक पर सोने का लॉकेट लूटने की वारदात का सिटी कोतवाली पुलिस ने त्वरित खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया सोने का लॉकेट, घटना में प्रयुक्त चाकू तथा मोटरसाइकिल क्रमांक CG 05 AT 3357 बरामद कर जब्त की है। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, 16 अगस्त 2026 को गौतम नागरची निवासी मौरीकला अपनी पत्नी के साथ बठेना अस्पताल गया था। अस्पताल से लौटने के बाद वह अपनी साली के लिए खाना लेकर दोबारा बठेना अस्पताल जा रहा था। इसी दौरान करीब शाम 4 बजे गोपाला अस्पताल के पास मोटरसाइकिल सवार तीन अज्ञात युवकों ने उसे रोक लिया। आरोपियों ने सब्जी काटने वाले चाकू का भय दिखाकर उसके गले में पहना सोने का लॉकेट लूट लिया और मौके से फरार हो गए।

प्रार्थी की रिपोर्ट पर सिटी कोतवाली थाना में अपराध क्रमांक 192/2026, धारा 309(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक धमतरी श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में संपत्ति संबंधी अपराधों में त्वरित कार्रवाई और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम को निर्देशित किया गया।

जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ संदिग्ध व्यक्ति मोटरसाइकिल क्रमांक CG 05 AT 3357 से आमातालाब रोड स्थित यादव भवन के पास सोने का लॉकेट बेचने के लिए घूम रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्धों को पकड़ लिया।

पूछताछ तथा विधिवत शिनाख्तगी की कार्रवाई में प्रार्थी ने आरोपियों की पहचान की। पुलिस ने आरोपियों के मेमोरेण्डम कथन के आधार पर लूट का सोने का लॉकेट, वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू और मोटरसाइकिल बरामद कर जब्त कर ली।

गिरफ्तार आरोपी

  1. निलमणी विश्वकर्मा उर्फ विक्कु, उम्र 20 वर्ष, निवासी हटकेशर, धमतरी।
  2. चेतन नेताम उर्फ आदित्य नेताम, उम्र 22 वर्ष, निवासी पंचवटी कॉलोनी, अटल आवास, धमतरी।
  3. खिलावन साहू उर्फ बदे, उम्र 20 वर्ष, निवासी लोहरसी, थाना अर्जुनी, जिला धमतरी।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई से वारदात के कुछ ही समय में आरोपियों तक पहुंचकर लूट की सामग्री बरामद कर ली गई। धमतरी पुलिस ने कहा कि जिले में अपराध एवं आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !