भाजपा के झंडे वाले पुराने वीडियो को एडिट कर तिरंगे से जोड़ने का मामला, धमतरी पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार

0

 

भाजपा के झंडे वाले पुराने वीडियो को एडिट कर तिरंगे से जोड़ने का मामला, धमतरी पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार

सोशल मीडिया पर भ्रामक संदेश के साथ वायरल किया था एडिटेड वीडियो — मोबाइल फोन जब्त, डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई



उत्तम साहू 

धमतरी, 18 अगस्त 2026। सोशल मीडिया पर भ्रामक एवं एडिटेड वीडियो प्रसारित कर लोगों की भावनाओं को प्रभावित करने के मामले में धमतरी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने भाजपा कार्यालय कुरूद में 22 मार्च 2026 को आयोजित कार्यक्रम के दौरान पार्टी का झंडा फहराए जाने के मूल वीडियो को एडिट कर स्वतंत्रता दिवस से जोड़ते हुए सोशल मीडिया पर भ्रामक संदेश के साथ प्रसारित किया था।

पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में सिटी कोतवाली पुलिस ने मामले की जांच के दौरान डिजिटल साक्ष्यों को जुटाया। इस संबंध में थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 190/2026 के तहत धारा 336(4), 353(2) बीएनएस में प्रकरण दर्ज कर विवेचना की जा रही थी।

पुराने वीडियो में किया बदलाव

पुलिस के मुताबिक मूल वीडियो को डाउनलोड करने के बाद उसे News Banao App के माध्यम से एडिट किया गया। वीडियो में भ्रामक शीर्षक और तिरंगे का प्रतीक जोड़कर इसे इस तरह प्रस्तुत किया गया, जिससे घटना को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर धमतरी में तिरंगे के स्थान पर भाजपा का झंडा फहराने से जोड़कर देखा जाए। इसके बाद वीडियो को Instagram और Facebook पर प्रसारित किया गया।

जांच के दौरान आरोपियों के मोबाइल फोन का विधिवत अवलोकन किया गया। मोबाइल में वीडियो एडिटिंग एप्लीकेशन और संबंधित सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से जुड़े साक्ष्य मिले। आरोपी द्वारा वीडियो डिलीट किए जाने के बावजूद Instagram के Recently Deleted सेक्शन में भी संबंधित सामग्री के साक्ष्य पाए गए। पुलिस ने आवश्यक स्क्रीनशॉट और अन्य डिजिटल साक्ष्यों को सुरक्षित किया।

मोबाइल जांच से सामने आए अहम साक्ष्य

पुलिस के अनुसार आरोपी राकेश निराला के मोबाइल फोन में भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा पार्टी का झंडा फहराए जाने संबंधी फोटो भी मिले। इनका स्क्रीनशॉट लेकर पंचनामा तैयार किया गया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों में भुनेश्वर निराला (25 वर्ष), पिता मंगल निराला, निवासी ग्राम जिल्दी, थाना सारंगढ़, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ तथा राकेश निराला (32 वर्ष), पिता स्व. मंगल निराला, निवासी ग्राम जिल्दी, थाना सारंगढ़, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ शामिल हैं।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं, जिनकी कुल अनुमानित कीमत करीब 45 हजार रुपये बताई गई है। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस की सोशल मीडिया यूजर्स से अपील

धमतरी पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर किसी भी फोटो, वीडियो या समाचार को साझा करने से पहले उसकी सत्यता की पुष्टि जरूर करें। पुलिस ने कहा कि किसी मूल सामग्री को एडिट कर भ्रामक स्वरूप देना अथवा ऐसी सामग्री को सोशल मीडिया पर प्रसारित करना कानूनी कार्रवाई का कारण बन सकता है। सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग कर अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं के प्रसार को रोकने में सहयोग करें।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !