परसापानी आयुर्वेद औषधालय में हुआ स्वर्ण प्राशन संस्कार, बच्चों को निःशुल्क पिलाई गई औषधि
पुष्प नक्षत्र तिथि पर आयोजित कार्यक्रम में ग्रामीण एवं आंगनबाड़ी केंद्र के बच्चों ने लिया लाभ
उत्तम साहू
नगरी। 11 अगस्त शासकीय आयुर्वेद औषधालय, आयुष्मान आरोग्य मंदिर आयुष परसापानी में आज पुष्प नक्षत्र तिथि के अवसर पर स्वर्ण प्राशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को निःशुल्क स्वर्ण प्राशन कराया गया। साथ ही आंगनबाड़ी केंद्र के बच्चों को भी स्वर्ण प्राशन की औषधि दी गई।
आयुर्वेद चिकित्सा पद्धति में स्वर्ण प्राशन को बच्चों के स्वास्थ्य एवं समग्र विकास के लिए उपयोगी माना जाता है। कार्यक्रम के दौरान बच्चों के अभिभावकों को स्वर्ण प्राशन के महत्व के संबंध में जानकारी दी गई। बताया गया कि इसके सेवन से बच्चों की रोग प्रतिरोधक क्षमता को बेहतर बनाने, एकाग्रता एवं स्मरण शक्ति को बढ़ाने तथा शारीरिक एवं मानसिक विकास में सहयोग मिलने की मान्यता है। साथ ही बच्चों को मौसमी बीमारियों से बचाव के प्रति सक्षम बनाने और कुपोषण की स्थिति में सुधार में भी इसके उपयोग को लाभकारी बताया गया।
यह कार्यक्रम प्रत्येक माह पुष्प नक्षत्र तिथि पर आयोजित किया जाता है। धमतरी जिले के समस्त शासकीय आयुर्वेद औषधालयों में पुष्प नक्षत्र के अवसर पर बच्चों के लिए स्वर्ण प्राशन कार्यक्रम निःशुल्क आयोजित किया जाता है, ताकि अधिक से अधिक बच्चों तक आयुर्वेद आधारित स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ पहुंचाया जा सके।
कार्यक्रम को सफल बनाने में शासकीय आयुर्वेद औषधालय परसापानी के डॉ. रविंद्र वर्मा (आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी), श्री विवेक चंद साहू (फार्मासिस्ट), श्रीमती द्रोपती बाई (औषधालय सेवक), श्रीमती रितु यादव एवं भूपेंद्र नागेश का विशेष सहयोग रहा।
इस संबंध में जानकारी डॉ. आर.के. वर्मा, आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी, शासकीय आयुर्वेद औषधालय, आयुष्मान आरोग्य मंदिर आयुष परसापानी द्वारा दी गई।
ग्रामीण अंचल में आयोजित इस कार्यक्रम से बच्चों और उनके अभिभावकों में आयुर्वेदिक स्वास्थ्य पद्धति के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ नियमित स्वास्थ्य देखभाल का संदेश भी दिया गया।


