विद्यार्थियों में व्यक्तित्व विकास और नेतृत्व क्षमता बढ़ाने रामकृष्ण मिशन ने लगाया शिविर
फरसियां, सांकरा और सिहावा के 814 विद्यार्थी हुए लाभान्वित, आत्मविश्वास और अनुशासन का दिया संदेश
उत्तम साहू नगरी
धमतरी, 19 अगस्त 2026। विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, अनुशासन, सकारात्मक सोच, नैतिक मूल्यों एवं नेतृत्व क्षमता विकसित करने के उद्देश्य से रामकृष्ण मिशन विवेकानन्द आश्रम, रायपुर द्वारा जिले के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय फरसियां, सांकरा एवं सिहावा में व्यक्तित्व विकास शिविर का आयोजन किया गया। तीनों विद्यालयों में आयोजित कार्यक्रमों से लगभग 814 विद्यार्थी लाभान्वित हुए।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता स्वामी प्रपत्त्यानन्द जी, संपादक ‘विवेक ज्योति’ मासिक पत्रिका एवं डॉ. विनित कुमार साहू रहे। वक्ताओं ने विद्यार्थियों को व्यक्तित्व निर्माण, चरित्र विकास, लक्ष्य निर्धारण, समय प्रबंधन, आत्मअनुशासन तथा राष्ट्र और समाज के प्रति दायित्वों को लेकर प्रेरणादायी मार्गदर्शन दिया।
डॉ. विनित कुमार साहू ने विद्यार्थियों के जीवन में सही संगति के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि अच्छी संगति व्यक्ति के विचार, व्यवहार और व्यक्तित्व को सकारात्मक दिशा देती है। उन्होंने विद्यार्थियों से प्रेरणादायी एवं सकारात्मक लोगों की संगति अपनाने का आह्वान किया।
वहीं स्वामी प्रपत्त्यानन्द जी ने स्वामी विवेकानन्द के जीवन एवं विचारों से प्रेरणा लेने की बात कही। उन्होंने विद्यार्थियों को चरित्र, आत्मविश्वास, अनुशासन और सेवा भावना को जीवन का आधार बनाने के लिए प्रेरित किया।
शिविर के दौरान विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को ‘अमृतवाणी’ पुस्तक एवं ‘विवेक ज्योति’ मासिक पत्रिका निःशुल्क वितरित की गई। आयोजकों ने बताया कि इस तरह के कार्यक्रम विद्यार्थियों के सर्वांगीण व्यक्तित्व विकास और उनमें सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में ऋषभ सोनेकर एवं गोपी बघेल का विशेष सहयोग रहा। फरसियां विद्यालय के प्राचार्य नीरज कुमार सोन, सांकरा की प्राचार्य श्रीमती अनिभा अग्रवाल तथा सिहावा के प्राचार्य सीताराम साहू सहित विद्यालय के शिक्षकों ने आयोजन में सहयोग प्रदान किया।
फरसियां विद्यालय से व्याख्याता निरुपमा श्रीमाली, किरण श्रीमाली, लोमश कुमार पटेल, यशपाल सिंह साहू, प्रेमलाल ध्रुव, अरविंद सोम, रेणु सोम, अंजना लाउत्रे, ऋषिकेश साहू, देवयानी सोम, मिलेंद्र कुमार ठाकुर, शिल्पा मानिकपुरी, पारुल बिसेन, त्रिवेणी सूर्यवंशी, गीतिका निषाद, आरती निषाद, देविका निर्मलकर, टिकेश साहू, त्रिलोक कपूर ध्रुव, भगवती ध्रुव, ललिता निषाद एवं भरत चनाप उपस्थित रहे।
रामकृष्ण मिशन विवेकानन्द आश्रम की यह पहल विद्यार्थियों में संस्कार, आत्मविश्वास, चरित्र निर्माण, सेवा भावना एवं नेतृत्व क्षमता विकसित करने की दिशा में सार्थक और प्रेरणादायी प्रयास रही।

