तीन साल के मासूम की हत्या में पिता को उम्रकैद

0

 

तीन साल के मासूम की हत्या में पिता को उम्रकैद

दुगली पुलिस की प्रभावी विवेचना और अभियोजन की मजबूत पैरवी से आरोपी संजय कुमार मरकाम दोषसिद्ध



उत्तम साहू 

धमतरी, 19 अगस्त 2026। ग्राम आमदी में तीन वर्षीय मासूम की हत्या के मामले में न्यायालय ने आरोपी पिता संजय कुमार मरकाम (34 वर्ष) को दोषी ठहराते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। यह फैसला प्रथम अतिरिक्त न्यायाधीश, धमतरी की अदालत ने 11 अगस्त 2026 को सुनाया। मामले में दुगली पुलिस की प्रभावी विवेचना और अभियोजन पक्ष की मजबूत पैरवी को महत्वपूर्ण माना गया।

19 मई 2025 को सामने आई थी मासूम की हत्या की घटना

पुलिस के अनुसार 19 मई 2025 को थाना दुगली कौहाबाहरा क्षेत्र के ग्राम आमदी में तीन वर्षीय बच्चे की हत्या की घटना सामने आई थी। मामले में अपराध क्रमांक 19/2025 के तहत धारा 103(1) बीएनएस में अपराध दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।

विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करने के साथ प्रत्यक्ष एवं परिस्थितिजन्य साक्ष्यों, गवाहों के कथनों तथा अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्यों को एकत्र किया। जांच में आरोपी संजय कुमार मरकाम की संलिप्तता सामने आने पर उसे 20 मई 2025 को गिरफ्तार कर लिया गया।

आरोपी की निशानदेही पर हथियार और खून लगे कपड़े बरामद

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लोहे का टंगिया (कुल्हाड़ी) तथा खून लगे कपड़े बरामद कर विधिवत जब्त किए। सभी आवश्यक साक्ष्यों के संकलन के बाद पुलिस ने 21 जुलाई 2025 को अभियोग पत्र न्यायालय में प्रस्तुत किया। इसके बाद 4 सितंबर 2025 को न्यायालय में आरोप विरचित किए गए और अभियोजन पक्ष की ओर से गवाहों एवं साक्ष्यों को प्रस्तुत किया गया।

मजबूत साक्ष्यों ने दिलाई दोषसिद्धि

प्रकरण की सुनवाई के दौरान प्रस्तुत साक्ष्यों और अभियोजन की प्रभावी पैरवी के आधार पर प्रथम अतिरिक्त न्यायाधीश, धमतरी श्रीमती नमिता मिंज भास्कर के न्यायालय ने 11 अगस्त 2026 को आरोपी संजय कुमार मरकाम को दोषसिद्ध कर आजीवन कारावास एवं अन्य दंड से दंडित किया।

विवेचक को मिलेगा पुलिस अधीक्षक का पुरस्कार

इस मामले की विवेचना थाना दुगली के सहायक उप निरीक्षक प्रकाश नाग ने की थी। उन्होंने घटनाक्रम से जुड़े साक्ष्यों को व्यवस्थित तरीके से जुटाते हुए विवेचना पूरी की और समय पर अभियोग पत्र न्यायालय में पेश किया। प्रभावी विवेचना के परिणामस्वरूप आरोपी को कठोर सजा दिलाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस अधीक्षक धमतरी श्रीमती भावना पांडेय ने उत्कृष्ट विवेचना के लिए सउनि. प्रकाश नाग की सराहना करते हुए उन्हें पुरस्कृत करने की घोषणा की है।

धमतरी पुलिस ने कहा कि गंभीर एवं जघन्य अपराधों में गुणवत्तापूर्ण विवेचना, वैज्ञानिक एवं विधिसम्मत साक्ष्य संकलन तथा प्रभावी अभियोजन के जरिए दोषियों को न्यायालय से कठोर सजा दिलाने की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !