भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन में यश चंद्राकर और भावेश चंदनिया को जिला उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी
उत्तम साहू
नगरी,धमतरी। भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (NSUI) धमतरी में संगठनात्मक विस्तार करते हुए जिला स्तर पर नई नियुक्तियां की गई हैं। जिला अध्यक्ष राजा देवांगन ने प्रदेश अध्यक्ष नीरज पाण्डेय के अनुमोदन से यश चंद्राकर एवं भावेश चंदनिया को जिला उपाध्यक्ष नियुक्त किया है। दोनों नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी।
जिला कार्यालय से जारी नियुक्ति आदेश में संगठन ने नवनियुक्त पदाधिकारियों से छात्र हितों की आवाज को मजबूती से उठाने तथा विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालय स्तर पर संगठन को और अधिक सशक्त बनाने की अपेक्षा व्यक्त की है। साथ ही उन्हें सौंपे गए दायित्वों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी और अनुशासन के साथ करने के लिए कहा गया है।
नियुक्ति पत्र में कहा गया है कि संगठन की विचारधारा को आत्मसात करते हुए छात्र हितों के मुद्दों को मजबूती से उठाया जाए और विश्वविद्यालय स्तर पर संगठन की सक्रियता को और बढ़ाया जाए। इसके साथ ही प्रदेश में कांग्रेस पार्टी के शीर्ष नेतृत्व एवं NSUI के राष्ट्रीय नेतृत्व के मार्गदर्शन में छात्रहित से जुड़े जनकल्याणकारी एवं छात्रहितकारी कार्यों को अंतिम छात्र तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपेक्षा की गई है।
नवनियुक्त जिला उपाध्यक्षों से कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं मल्लिकार्जुन खड़गे, सोनिया गांधी, राहुल गांधी, कन्हैया कुमार सहित NSUI के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़, NSUI सचिव एवं मिलाई विधायक देवेंद्र यादव तथा युवा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष आकाश शर्मा के मार्गदर्शन में संगठन को मजबूत करने की उम्मीद जताई गई है।
वहीं छत्तीसगढ़ में भूपेश बघेल, दीपक बैज और चरणदास महंत द्वारा किए जा रहे जनहितकारी एवं छात्रहितकारी कार्यों को प्रदेश के अंतिम छात्र तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया गया है।
जिला अध्यक्ष राजा देवांगन ने दोनों नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि उनके अनुभव और सक्रियता से धमतरी जिले में NSUI को नई मजबूती मिलेगी तथा विद्यार्थियों से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाया जाएगा।

