संस्कृत सप्ताह में प्रतिभावान छात्र कुणाल साहू का हुआ सम्मान

0

 

संस्कृत सप्ताह में प्रतिभावान छात्र कुणाल साहू का हुआ सम्मान

शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मोहदी में संस्कृतमय हुआ पूरा आयोजन, विद्यार्थियों ने दी मनमोहक प्रस्तुतियां



               उत्तम साहू मगरलोड 29 अगस्त 26

मोहदी। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मोहदी में संस्कृत सप्ताह का शुभारंभ मां सरस्वती की पूजा-अर्चना, सरस्वती वंदना एवं दीप मंत्र के सस्वर गायन के साथ हुआ। कुमारी रागनी दल द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना और दीप मंत्र ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। कार्यक्रम में नीलू, नेहा एवं निहारिका ने मधुर स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों एवं उपस्थितजनों का स्वागत किया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने संस्कृत भाषा की महत्ता और उसकी उपयोगिता पर प्रकाश डाला। कक्षा 11वीं की छात्राओं लोमिन यादव, इंद्राणी एवं तान्या ने संस्कृत को समस्त भाषाओं की जननी बताते हुए इसके ऐतिहासिक एवं भाषाई महत्व की जानकारी दी। वहीं कक्षा 12वीं की डीकेश्वरी तथा कक्षा 9वीं की थानेश्वरी ने संस्कृत भाषा की वैज्ञानिकता एवं कंप्यूटर के लिए इसकी उपयोगिता पर अपने विचार रखे।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में कक्षा 10वीं की छात्रा सुमन दल ने संस्कृत में महिषासुर मर्दिनी स्तोत्र का सस्वर गायन किया। वहीं डिंपल ने शिव तांडव स्तोत्र की प्रभावशाली प्रस्तुति देकर उपस्थितजनों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कक्षा 9वीं के दुष्यंत दल ने गीत के माध्यम से महाकवि कालिदास की महिमा पर प्रकाश डाला। कु. खुशबू यादव एवं खुमेश्वरी ने रुद्राष्टकम का गायन किया, जबकि हुलसी सिंहा दल ने श्रीरामरक्षा स्तोत्र का सुमधुर पाठ प्रस्तुत किया।

संस्कृत में हुई प्रश्नोत्तरी

कार्यक्रम के अंतर्गत संस्कृत विषय पर आधारित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। इसके लिए कालिदास, वाल्मीकि, बाणभट्ट, अश्वघोष, वेदव्यास एवं पाणिनि के नाम पर छह समूह बनाए गए। प्रतियोगिता में कालिदास ग्रुप ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।

कार्यक्रम की सबसे खास बात यह रही कि शुरुआत से लेकर समापन तक पूरा आयोजन केवल संस्कृत भाषा में किया गया। संस्कृत व्याख्याता श्रीमती कीर्ति सेन के मार्गदर्शन में छात्रा उर्मिला साहू एवं खुशबू यादव ने मंच संचालन भी संस्कृत भाषा में किया। विद्यार्थियों द्वारा दी गई सभी प्रस्तुतियां भी संस्कृत में ही हुईं, जिससे विद्यालय परिसर पूरी तरह संस्कृतमय नजर आया।

मेडिकल की पढ़ाई कर रहे पूर्व छात्र कुणाल साहू हुए सम्मानित

कार्यक्रम में विद्यालय के भूतपूर्व छात्र कुणाल साहू, जो वर्तमान में मेडिकल की पढ़ाई कर रहे हैं, मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। विद्यालय की संस्कृत व्याख्याता श्रीमती कीर्ति सेन ने मोमेंटो प्रदान कर उनकी उपलब्धि के लिए उनका सम्मान किया।

मुख्य अतिथि कुणाल साहू ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में सफलता हासिल करने के लिए कठिन परिश्रम, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति निरंतर समर्पण आवश्यक है। उन्होंने छात्र-छात्राओं को अपने लक्ष्य निर्धारित कर पूरी मेहनत और लगन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में संस्था के प्राचार्य कुमेंद्र साहू सहित शिक्षिका उर्मिला ध्रुव, डी.डी. नवरंगे, बी.एल. साहू, डी.के. देवांगन, नरेंद्र घरड़े, सुमन महोबिया, पीयूषा देशमुख, अर्चना मसीह, निहारिका शर्मा, शमा वर्मा, फाल्गुनी चंद्राकर सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। आयोजन ने विद्यार्थियों में संस्कृत भाषा के प्रति रुचि और गौरव की भावना को और मजबूत किया।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !