दाढ़ी नहीं बनाने को लेकर विवाद, सेलून संचालक पर चाकू से हमला; आरोपी गिरफ्तार
करेलीबड़ी में सब्जी काटने वाले चाकू से किया हमला, आरोपी की निशानदेही पर हथियार बरामद
उत्तम साहू
धमतरी, 22 अगस्त 2026। जिले के मगरलोड थाना क्षेत्र अंतर्गत चौकी करेलीबड़ी पुलिस ने मारपीट एवं चाकूबाजी के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपी ने दाढ़ी नहीं बनाने की बात को लेकर सेलून संचालक से विवाद के बाद सब्जी काटने वाले धारदार चाकू से हमला किया था।
पुलिस के अनुसार, 6 अगस्त 2026 को ग्राम करेलीबड़ी में चम्मन लाल भारती (43), पिता ईश्वरी भारती, का टुकेश्वर उर्फ लालू सेन से दाढ़ी नहीं बनाने की बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद के दौरान आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए सब्जी काटने वाले चाकू से टुकेश्वर पर हमला कर दिया। हमले में उसके हाथ, घुटने और गाल में चोट आई।
घटना की रिपोर्ट पर चौकी करेलीबड़ी, थाना मगरलोड में अपराध क्रमांक 134/2026 के तहत धारा 296, 115(2), 118(1) बीएनएस में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। एसपी धमतरी श्रीमती भावना पांडेय ने मामले में तत्काल एवं प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए थे।
निर्देशों के पालन में पुलिस ने प्रार्थी एवं गवाहों के बयान दर्ज किए तथा घटनास्थल का निरीक्षण और प्रार्थी का चिकित्सकीय परीक्षण कराया। विवेचना के दौरान पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने आरोपी से पूछताछ की, जिसमें उसने अपराध करना स्वीकार किया।
आरोपी के मेमोरेण्डम कथन के आधार पर पुलिस ने उसकी निशानदेही पर ग्राम करेलीबड़ी कृषि मंडी की दीवार के पास से घटना में प्रयुक्त स्टील का धारदार सब्जी काटने वाला चाकू बरामद कर विधिवत जब्त किया। इसके बाद आरोपी चम्मन लाल भारती को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी: चम्मन लाल भारती पिता ईश्वरी भारती, उम्र 43 वर्ष, निवासी करेलीबड़ी, चौकी करेलीबड़ी, थाना मगरलोड, जिला धमतरी।
धमतरी पुलिस द्वारा अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार त्वरित एवं सख्त कार्रवाई की जा रही है।

