छत्तीसगढ़ में फिर बदलेगा मौसम का मिजाज: कई जिलों में भारी बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट
रायपुर समेत प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ वर्षा के आसार, उत्तर छत्तीसगढ़ के चार जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी
रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक प्रदेश के कई जिलों में बारिश की गतिविधियां तेज होने का अनुमान जताया है। रायपुर सहित अनेक क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बारिश, तेज हवाएं और कुछ स्थानों पर भारी वर्षा होने की संभावना है। वहीं आकाशीय बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है।
पिछले 24 घंटों के दौरान दोरनापाल, भिलाईगढ़ और जगरगुंडा में सबसे अधिक 4-4 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई। कटेकल्याण और सुकमा में 3-3 सेंटीमीटर, जबकि सरिया, धनोरा और नया बाराद्वार में 2-2 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। दंतेवाड़ा, अंतागढ़, केल्हारी, सक्ती, बड़े बचेली, अड़भार, बम्हनीडीह, वाड्रफनगर और गादीरास में भी हल्की वर्षा दर्ज हुई।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम राजस्थान में बने निम्न दबाव क्षेत्र से होकर गुजर रही मानसून द्रोणिका छत्तीसगढ़ तक सक्रिय है। इसी वजह से प्रदेश में पर्याप्त नमी बनी हुई है और बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।
राजधानी रायपुर में सोमवार को दिनभर बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ बारिश होने और अधिकतम तापमान 34 डिग्री तथा न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। हालांकि उमस से लोगों को बहुत अधिक राहत मिलने की संभावना नहीं है।
मौसम विभाग ने सुरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर जिलों के लिए भारी बारिश और तेज हवाओं की आशंका को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
इसके अलावा रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, मुंगेली, सुरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर जिलों में गरज-चमक, तेज हवाओं और आकाशीय बिजली के साथ बारिश की संभावना को देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, बड़े पेड़ों और बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचें तथा बिजली चमकने के समय सुरक्षित स्थान पर रहें।

