देशभक्ति के रंग में रंगा कन्या स्कूल मगरलोड, प्रभात फेरी से सांस्कृतिक प्रस्तुतियों तक दिखा उत्साह
शहीदों की कुर्बानी याद कर छात्राओं ने दिया एकता, अनुशासन और नशामुक्त समाज का संदेश
मगरलोड। शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मगरलोड में स्वतंत्रता दिवस का 80वां महोत्सव देशभक्ति, उल्लास और सांस्कृतिक रंगों के बीच गरिमापूर्ण ढंग से मनाया गया। सुबह से ही विद्यालय परिसर में तिरंगे की शान और देशभक्ति का जोश देखने को मिला। विद्यार्थियों ने प्रभात फेरी से लेकर सांस्कृतिक प्रस्तुतियों तक अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह 7.30 बजे शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष मोहनलाल चक्रधारी ने भारत माता एवं राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के चित्र पर पुष्प अर्पित एवं पूजन कर किया। इसके बाद उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। ध्वजारोहण के पश्चात राष्ट्रगीत, राष्ट्रगान एवं राज्यगीत का सामूहिक गायन हुआ।
प्रभात फेरी में गूंजा देशभक्ति का संदेश
ध्वजारोहण के बाद विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रभात फेरी निकाली। हाथों में तिरंगा और देशभक्ति के नारों के साथ निकली प्रभात फेरी मगरलोड के प्रमुख मार्गों से होते हुए बस स्टैंड पहुंची। यहां विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओतप्रोत नृत्य और भाषण प्रस्तुत कर लोगों का मन मोह लिया। इसके बाद प्रभात फेरी वापस विद्यालय परिसर पहुंची।
लोकगीत, कविता और नृत्य ने बांधा समां
सुबह 10 बजे विद्यालय परिसर में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, पारंपरिक लोकगीत, कविता, भाषण और नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। वंदे मातरम् की 150वीं वर्षगांठ के अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत विशेष नृत्य ने कार्यक्रम में देशभक्ति का रंग और गहरा कर दिया।
सांस्कृतिक कार्यक्रम के मुख्य अतिथि दिलीप सिंहा, पूर्व शाला प्रबंधन एवं विकास समिति कन्या मगरलोड रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में वार्ड क्रमांक 15 के पार्षद हिरवानी ठाकुर, सेवानिवृत्त व्याख्याता मनोहर लाल सिन्हा, पूर्व एसएमडीसी सदस्य नंदिनी सिंहा एवं देवेंद्र साहू तथा नगर पंचायत मगरलोड के पूर्व एल्डरमैन लीलाराम साहू उपस्थित रहे।
अतिथियों ने विद्यार्थियों को दिया सफलता का मंत्र
पार्षद हिरवानी ठाकुर ने विद्यार्थियों को आजादी के पावन अवसर पर मन लगाकर पढ़ाई करने और देश का उज्ज्वल भविष्य गढ़ने की शुभकामनाएं दीं। देवेंद्र साहू ने अमर शहीदों की कुर्बानियों को सदैव याद रखने और उनके जीवन से प्रेरणा लेने का संदेश दिया।
नंदिनी सिंहा ने विद्यार्थियों को अनुशासन को जीवन का हिस्सा बनाकर देश को खुशहाल एवं समृद्ध बनाने के लिए योगदान देने प्रेरित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे मोहनलाल चक्रधारी ने विद्यार्थियों को अच्छे अंक प्राप्त कर विद्यालय और अपने परिवार का नाम रोशन करने के लिए प्रोत्साहित किया।
विद्यालय के प्राचार्य पनेश कुमार सेन ने विद्यार्थियों को शिक्षा के माध्यम से सशक्त बनने तथा नशामुक्त और शिक्षित समाज के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं, शिक्षक-शिक्षिकाओं, पालकों के साथ मगरलोड के गणमान्य नागरिक एवं आमजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। पूरे आयोजन के दौरान विद्यालय परिसर देशभक्ति के गीतों और तिरंगे की आन-बान-शान से सराबोर नजर आया।


