एसएसपी भावना पांडेय सख्त: बैंकों की सुरक्षा में लापरवाही बर्दाश्त नहीं
सभी CCTV कैमरे 24×7 चालू रखने के निर्देश, बैंक प्रबंधकों को सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की हिदायत
उत्तम साहू
धमतरी। जिले में बैंक एवं वित्तीय संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में धमतरी पुलिस ने विशेष निगरानी अभियान शुरू किया है। एसएसपी ने जिले के सभी बैंक प्रबंधकों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि बैंक परिसरों में लगे सभी CCTV कैमरे 24×7 चालू अवस्था में रहें तथा उनकी रिकॉर्डिंग निरंतर होती रहे।
एसएसपी ने कहा कि किसी भी स्थिति में CCTV कैमरों का बंद रहना अथवा रिकॉर्डिंग बाधित होना सुरक्षा व्यवस्था में गंभीर लापरवाही माना जाएगा। बैंक प्रबंधन यह सुनिश्चित करें कि कैमरों की दिशा एवं कवरेज प्रभावी हो और रिकॉर्डिंग सुरक्षित रूप से उपलब्ध रहे, ताकि आवश्यकता पड़ने पर पुलिस को तत्काल फुटेज उपलब्ध कराया जा सके।
धमतरी पुलिस ने बैंक प्रबंधकों को बैंक के प्रवेश एवं निकास द्वार, कैश काउंटर, लॉकर रूम, पार्किंग स्थल तथा आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही अलार्म सिस्टम एवं अन्य सुरक्षा उपकरणों को भी हमेशा सुचारु स्थिति में बनाए रखने पर जोर दिया गया है।
पुलिस द्वारा सभी बैंक प्रबंधकों के साथ नियमित समन्वय स्थापित कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की जा रही है। साथ ही बैंक परिसरों एवं आसपास संदिग्ध गतिविधियों पर सतर्क निगाह रखने तथा किसी भी असामान्य घटना की तत्काल सूचना पुलिस को देने के निर्देश दिए गए हैं।
धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि बैंक एवं वित्तीय संस्थानों की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सुरक्षा व्यवस्था में चूक पाए जाने पर संबंधित जिम्मेदारों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

