कलेक्टर के निर्देश पर जिला शिक्षा अधिकारी ने नगरी के विद्यालयों का किया सघन निरीक्षण

0

 

कलेक्टर के निर्देश पर जिला शिक्षा अधिकारी ने नगरी के विद्यालयों का किया सघन निरीक्षण

शैक्षणिक गुणवत्ता, परीक्षा परिणाम और विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति पर दिया विशेष जोर



उत्तम साहू, नगरी,धमतरी। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा के निर्देश पर जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती मधुलिका तिवारी ने विकासखंड नगरी के विभिन्न शासकीय विद्यालयों का सघन निरीक्षण कर शैक्षणिक व्यवस्थाओं, विद्यार्थियों की उपस्थिति एवं शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्राचार्यों एवं शिक्षकों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षण, शैक्षणिक कैलेंडर के अनुरूप पाठ्यक्रम पूर्ण कराने, नियमित मूल्यांकन एवं बेहतर परीक्षा परिणाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय केरेगांव में मासिक परीक्षा, निःशुल्क पाठ्यपुस्तक वितरण, विषयवार अध्यापन तथा विद्यार्थियों की उपस्थिति का जायजा लिया गया। जिला शिक्षा अधिकारी ने अनियमित विद्यार्थियों के अभिभावकों से संपर्क कर उनकी नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा ब्लूप्रिंट के अनुरूप परीक्षा की तैयारी कराने के निर्देश दिए।

इसके बाद शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बिरगुड़ी में उपचारात्मक (रिमेडियल) कक्षाओं, विद्यालय विकास योजना एवं विषयवार अध्यापन की समीक्षा की गई। विद्यार्थियों से संवाद के दौरान संध्या प्रार्थना सभा नियमित नहीं होने की जानकारी मिलने पर प्राचार्य को तत्काल इसे नियमित रूप से संचालित करने के निर्देश दिए गए।

पीएम श्री श्रृंगी ऋषि सेजेस शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नगरी के निरीक्षण के दौरान स्मार्ट बोर्ड एवं इंटरएक्टिव पैनल के माध्यम से संचालित आधुनिक शिक्षण व्यवस्था की सराहना की गई। इस दौरान जिला शिक्षा अधिकारी ने स्वयं कक्षा 11वीं के विद्यार्थियों को रसायन शास्त्र के 'रासायनिक आबंधन' विषय का अध्यापन भी कराया। उन्होंने प्रवीण सूची में स्थान प्राप्त करने की क्षमता रखने वाले विद्यार्थियों की पहचान कर उन्हें विशेष मार्गदर्शन देने तथा नीट और जेईई जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की गंभीर तैयारी के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान सहायक संचालक कीर्ति कुमार साहू एवं विकासखंड शिक्षा अधिकारी नगरी कलीराम साहू भी उपस्थित रहे।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !