पवित्र सावन में कर्णेश्वर महादेव मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब

0

 

पवित्र सावन में कर्णेश्वर महादेव मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब

ओडिशा, बस्तर, गरियाबंद सहित विभिन्न क्षेत्रों से पहुंच रहे श्रद्धालु, हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से शिवमय हुआ सिहावा



सिहावा/देउरपारा। सावन के पावन महीने में महानदी के उद्गम स्थल पर स्थित कर्णेश्वर महादेव मंदिर देउरपारा-सिहावा में आस्था और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिल रहा है। भगवान शिव के दर्शन एवं जलाभिषेक के लिए ओडिशा, बस्तर, गरियाबंद, महासमुंद सहित आसपास के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में कांवड़िए और श्रद्धालु मंदिर पहुंच रहे हैं। श्रद्धालु पवित्र महानदी के संगम स्थल से जल लेकर कांवड़ यात्रा करते हुए कर्णेश्वर महादेव के दरबार में पहुंचकर शिवलिंग पर जल अर्पित कर रहे हैं।

मान्यता है कि करीब 11वीं शताब्दी में राजा कर्ण द्वारा इस प्राचीन शिव मंदिर का निर्माण कराया गया था। ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व के कारण सावन माह में यहां दूर-दराज से श्रद्धालुओं का आगमन होता है। कांवड़ियों के जत्थों के पहुंचने से मंदिर परिसर सहित पूरा सिहावा क्षेत्र भक्तिमय हो गया है। हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष के बीच श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना कर सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना कर रहे हैं।

भजन संध्या से भक्तिमय हो रहा मंदिर परिसर



सावन के अवसर पर कर्णेश्वर महादेव मंदिर ट्रस्ट द्वारा श्रद्धालुओं के लिए विशेष धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। भजन संध्या के दौरान भक्ति गीतों और शिव भजनों से मंदिर परिसर का वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो उठता है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु भजन संध्या में शामिल होकर भगवान शिव की आराधना कर रहे हैं।

ट्रस्ट के अध्यक्ष विकल गुप्ता ने बताया कि सावन में दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ट्रस्ट द्वारा आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। उनका कहना है कि भगवान कर्णेश्वर महादेव के दरबार में आने वाले प्रत्येक भक्त को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराना ट्रस्ट की प्राथमिकता है।

       भोग-प्रसाद की भी व्यवस्था



श्रद्धालुओं के लिए ट्रस्ट द्वारा भगवान को भोग अर्पित करने के बाद प्रसाद वितरण की व्यवस्था भी की जा रही है। कांवड़ियों और श्रद्धालुओं को भोग लगा प्रसाद उपलब्ध कराया जा रहा है। इससे दूर-दराज से पहुंचने वाले भक्तों में विशेष प्रसन्नता देखने को मिल रही है।

व्यवस्थाओं में ट्रस्ट के उपाध्यक्ष रवि दुबे एवं रवि ठाकुर, कोषाध्यक्ष निकेश ठाकुर, सचिव भारत निर्मलकर, सह-सचिव रामभरोस साहू एवं मोहन पुजारी सहित ट्रस्टी छबी ठाकुर, योगेश साहू, डॉ. आनंद अवस्थी, नागेंद्र शुक्ला, कमला डागा, बंटी छाजेड़, पेमन स्वर्णबर, अनिरुद्ध साहू, दुर्गेश साहू, कुलेश साहू, प्रकाश सर्वा एवं डोमार मिश्रा समेत अन्य सदस्य सक्रिय रूप से सहयोग दे रहे हैं।

सावन में बढ़ जाती है श्रद्धालुओं की भीड़



सावन के प्रत्येक सोमवार और विशेष पर्वों पर कर्णेश्वर महादेव मंदिर में श्रद्धालुओं की संख्या और बढ़ जाती है। सुबह से ही मंदिर में दर्शन एवं जलाभिषेक के लिए लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। कांवड़ियों के जत्थों और श्रद्धालुओं की भारी मौजूदगी से मंदिर परिसर में उत्सव जैसा माहौल बना हुआ है। चारों ओर गूंजते “हर-हर महादेव” और “बोल बम” के जयघोष से पूरा क्षेत्र शिवमय नजर आ रहा है।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !