प्रोविडेंस स्कूल नगरी में स्वतंत्रता दिवस पर गूंजा देशभक्ति का संदेश
ध्वजारोहण के बाद विद्यार्थियों ने दी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राएं हुए सम्मानित
उत्तम साहू
नगरी। प्रोविडेंस इंग्लिश मीडियम हाई स्कूल, नगरी में देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास, उत्साह और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। समारोह का शुभारंभ विद्यालय के संस्था प्रमुख श्री विकल गुप्ता एवं पार्षद मिक्की गुप्ता ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर किया। ध्वजारोहण के पश्चात विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अतिथियों ने राष्ट्रगान एवं राष्ट्रगीत का सामूहिक गायन कर राष्ट्र के प्रति सम्मान और निष्ठा व्यक्त की।
स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। देशभक्ति गीत, नृत्य, भाषण, कविता सहित विभिन्न प्रस्तुतियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, बलिदान और राष्ट्रप्रेम को प्रभावशाली ढंग से अभिव्यक्त किया। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों, अभिभावकों एवं शिक्षकों का मन मोह लिया। पूरे विद्यालय परिसर में देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का माहौल बना रहा।
समारोह को संबोधित करते हुए संस्था प्रमुख श्री विकल गुप्ता ने कहा कि देश की आजादी महान स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और बलिदान का परिणाम है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वतंत्रता के महत्व को समझते हुए राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि अनुशासन, ईमानदारी, मेहनत और सकारात्मक सोच के माध्यम से विद्यार्थी देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।
उत्कृष्ट विद्यार्थियों का हुआ सम्मान
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की विभिन्न शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों ने विद्यार्थियों की प्रतिभा और उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।
समारोह में नंद कुमार प्रजापति, मदन पटेल, श्रीमती हेमलता यादव, प्राचार्य सुनीता कश्यप, बी.एम. साहू, शैलेन्द्री वर्मा, हेमराज हिरवानी, कोशिश निर्मलकर, संगीता साहू सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं, पालक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन हेमराज हिरवानी ने किया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर विद्यालय परिवार ने स्वतंत्रता, राष्ट्रीय एकता, अखंडता और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना को मजबूत करने का संकल्प लिया। समारोह के दौरान “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के नारों से विद्यालय परिसर गूंज उठा।


