विकास कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, परिणाममूलक कार्यप्रणाली अपनाएं अधिकारी : कलेक्टर मिश्रा

0

 

विकास कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, परिणाममूलक कार्यप्रणाली अपनाएं अधिकारी : कलेक्टर मिश्रा

समय-सीमा की बैठक में योजनाओं और विभागीय गतिविधियों की समीक्षा, स्कूल शिक्षा व पशु चिकित्सा विभाग की कार्यप्रणाली पर जताई नाराजगी



उत्तम साहू 

धमतरी, 17 अगस्त 2026। जिले में संचालित विकास कार्यों, शासकीय योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की प्रगति को लेकर कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा की बैठक में उन्होंने विभागवार कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को लक्ष्य पूर्ति तक सीमित रहने के बजाय परिणाममूलक, प्रभावी और जवाबदेह कार्यप्रणाली अपनाने के निर्देश दिए।

कलेक्टर श्री मिश्रा ने कहा कि शासन की योजनाओं का वास्तविक लाभ पात्र हितग्राहियों तक समयबद्ध तरीके से पहुंचना चाहिए। इसके लिए अधिकारी योजनाओं की मैदानी स्थिति की नियमित निगरानी करें और सामने आने वाली समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने लंबित प्रकरणों के निराकरण को प्राथमिकता देने तथा शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं में निर्धारित समय-सीमा के भीतर प्रगति सुनिश्चित करने पर जोर दिया।



बैठक के दौरान स्कूल शिक्षा, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, पशु चिकित्सा और श्रम सहित कुछ विभागों की प्रगति एवं कार्यप्रणाली पर कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि बार-बार निर्देश दिए जाने के बावजूद कार्यप्रणाली में अपेक्षित सुधार नहीं होना गंभीर विषय है। अधिकारियों को अपने विभागीय कार्यों, योजनाओं तथा जिले की प्रगति से संबंधित आंकड़ों की अद्यतन और समुचित जानकारी रखने के निर्देश दिए गए।

शैक्षणिक गुणवत्ता और पशुधन विकास पर विशेष जोर

कलेक्टर ने स्कूल शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान शैक्षणिक गुणवत्ता, विद्यार्थियों की उपलब्धियों, विद्यालयों की स्थिति तथा शिक्षा से जुड़े प्रमुख संकेतकों की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को स्कूलों की स्थिति पर लगातार नजर रखने और शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के लिए प्रभावी प्रयास करने के निर्देश दिए।

इसी तरह पशु चिकित्सा विभाग से जिले में पशुधन की स्थिति, दुग्ध उत्पादन तथा दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी ली गई। अपेक्षित जानकारी स्पष्ट रूप से प्रस्तुत नहीं किए जाने पर कलेक्टर ने अधिकारियों को बेहतर तैयारी के साथ बैठक में आने तथा योजनाओं की मैदानी स्तर पर नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

सोशल मीडिया के माध्यम से उपलब्धियों की जानकारी देने के निर्देश

कलेक्टर श्री मिश्रा ने जिले में संचालित विकास एवं जनकल्याणकारी गतिविधियों की जानकारी आम नागरिकों तक पहुंचाने के लिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का प्रभावी उपयोग करने को कहा। उन्होंने निर्देशित किया कि विभाग अपनी महत्वपूर्ण उपलब्धियों, नवाचारों, जनहितकारी गतिविधियों और योजनाओं की प्रगति से संबंधित प्रमाणिक जानकारी नियमित रूप से सोशल मीडिया पर साझा करें। इससे जिले में हो रहे सकारात्मक कार्यों और शासन की योजनाओं की जानकारी व्यापक स्तर पर लोगों तक पहुंच सकेगी।

बैठक में अपर कलेक्टर श्रीमती इंदिरा देवहारी, नगर निगम आयुक्त श्री अरूण वर्मा सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !