इंदू फ्यूचर विंग फाउंडेशन इकाई द कॉम्पिटीशन अकादमी नगरी में हर्षोल्लास से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस
देशभक्ति की भावना से सराबोर रहा समारोह, विद्यार्थियों ने गीत, कविता, भाषण और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से बांधा समां
उत्तम साहू
नगरी। देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर इंड फ्यूचर विजन फाउंडेशन इकाई ‘द कॉम्पिटीशन अकादमी’ नगरी में स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत संस्था की संचालक श्रीमती इंदु पटेल द्वारा ध्वजारोहण के साथ हुई। इसके पश्चात उपस्थित विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने राष्ट्रगान का सामूहिक गायन किया। वहीं संविधान की प्रस्तावना का वाचन कर विद्यार्थियों को देश के संवैधानिक मूल्यों एवं लोकतांत्रिक जिम्मेदारियों से परिचित कराया गया।
समारोह के दौरान विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, कविताओं, भाषण एवं विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से स्वतंत्रता संग्राम के वीर सेनानियों के त्याग, संघर्ष और बलिदान को याद किया। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों में देश के प्रति प्रेम और राष्ट्रभक्ति की भावना स्पष्ट रूप से देखने को मिली। पूरे परिसर में देशभक्ति के नारों और उत्साह का माहौल बना रहा।
इस अवसर पर संस्था की संचालक श्रीमती इंदु पटेल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि देश की स्वतंत्रता हमें अनेक वीर स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और बलिदान से प्राप्त हुई है। आज की युवा पीढ़ी की जिम्मेदारी है कि वह शिक्षा, अनुशासन, ईमानदारी और राष्ट्रसेवा के माध्यम से देश के विकास में अपना योगदान दे। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहते हुए समाज और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया।
उन्होंने विद्यार्थियों को ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प से जुड़कर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि आने वाला भारत युवाओं की प्रतिभा, मेहनत और सकारात्मक सोच से मजबूत बनेगा। इसलिए प्रत्येक विद्यार्थी को अपने जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर उसे प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयास करना चाहिए।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दी गईं तथा मिष्ठान वितरण किया गया। समारोह में संस्था के समस्त शिक्षक, विद्यार्थी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। स्वतंत्रता दिवस के आयोजन ने पूरे परिसर को देशभक्ति, उत्साह और राष्ट्रीय गौरव की भावना से भर दिया।



