व्हाट्सऐप स्टेटस में सरपंच, सचिव व ग्रामीणों पर अभद्र टिप्पणी करना पड़ा भारी, बोराई पुलिस ने की प्रतिबंधात्मक कार्रवाई
उत्तम साहू
नगरी,धमतरी, 30 अगस्त 2026। सोशल मीडिया के दुरुपयोग और शांति व्यवस्था प्रभावित करने वाले कृत्यों के खिलाफ धमतरी पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में बोराई पुलिस ने ग्राम कसपुर में व्हाट्सऐप स्टेटस के माध्यम से सरपंच, सचिव एवं ग्रामीणों के संबंध में अभद्र टिप्पणी कर गांव का माहौल बिगाड़ने के मामले में एक व्यक्ति के विरुद्ध वैधानिक एवं प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है।
पुलिस के अनुसार, 20 अगस्त 2026 को ग्राम कसपुर निवासी उमेश्वर उर्फ उमेश कुमार चक्रधारी ने अपने व्हाट्सऐप स्टेटस पर गांव के सरपंच, सचिव एवं ग्रामीणों के संबंध में अभद्र टिप्पणी की थी। इसके बाद गांव में विवाद एवं अशांति की स्थिति निर्मित होने की शिकायत पुलिस को मिली। समझाइश दिए जाने के बावजूद आरोपी के लड़ाई-झगड़े और मारपीट पर उतारू होने की स्थिति की जानकारी सामने आई।
मामले में ग्राम कसपुर के सरपंच बोधन सिंह मरकाम ग्रामीणों के साथ थाना बोराई पहुंचे और शिकायत आवेदन प्रस्तुत किया। शिकायत की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उमेश्वर उर्फ उमेश कुमार चक्रधारी (30 वर्ष), पिता संतूराम चक्रधारी, निवासी ग्राम कसपुर, थाना बोराई, जिला धमतरी को धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार किया।
शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध धारा 126 एवं 135(3) बीएनएसएस के तहत इस्तगासा तैयार किया। इसके बाद आरोपी को कार्यपालिक मजिस्ट्रेट, नगरी के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे जिला जेल धमतरी भेज दिया गया।
सोशल मीडिया के जिम्मेदार उपयोग की अपील
धमतरी पुलिस ने आम नागरिकों से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का जिम्मेदारी और कानूनसम्मत तरीके से उपयोग करने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि ऐसी कोई सामग्री पोस्ट, शेयर या प्रसारित न की जाए, जिससे किसी व्यक्ति की गरिमा प्रभावित हो, सामाजिक सौहार्द बिगड़े अथवा शांति एवं कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की स्थिति पैदा हो।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया के माध्यम से विवाद अथवा अशांति की स्थिति उत्पन्न करने वाले मामलों में परिस्थितियों और कानून के अनुरूप प्रभावी वैधानिक एवं प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जाएगी।
धमतरी पुलिस ने दोहराया कि जिले में शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना उसकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है।

