गंगरेल,रुद्री डेम,माडमसिल्ली और नरहरा में उमड़ा पर्यटकों का सैलाब
प्राकृतिक सौंदर्य के बीच कयाकिंग और वाटर स्पोर्ट्स का रोमांच, सुविधाओं और सुरक्षा पर प्रशासन की खास नजर
उत्तम साहू
धमतरी, 29 अगस्त 2026। जिले में पर्यटन को नई पहचान दिलाने के लिए किए जा रहे प्रयास अब धरातल पर नजर आने लगे हैं। जिले के प्रमुख पर्यटन स्थल गंगरेल, रुद्री डेम, माडमसिल्ली और नरहरा इन दिनों पर्यटकों से गुलजार हैं। बारिश के बाद हरियाली से ढकी पहाड़ियां, लबालब जलाशय और मनमोहक प्राकृतिक नजारे पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित कर रहे हैं। बड़ी संख्या में परिवार, युवा और प्रकृति प्रेमी इन स्थलों पर पहुंचकर प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लेने के साथ रोमांचक जलक्रीड़ाओं का लुत्फ उठा रहे हैं।जलक्रीड़ा बनी आकर्षण का केंद्र
गंगरेल जलाशय और रुद्री डेम में कयाकिंग सहित विभिन्न वाटर स्पोर्ट्स गतिविधियां पर्यटकों के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। शांत जलराशि के बीच कयाकिंग का रोमांच युवाओं को खासा पसंद आ रहा है। वहीं जलाशय का विहंगम दृश्य, चारों ओर फैली हरियाली और सूर्यास्त का मनोहारी नजारा पर्यटकों के अनुभव को और यादगार बना रहा है।
दूसरी ओर माडमसिल्ली और नरहरा भी प्राकृतिक पर्यटन एवं पारिवारिक मनोरंजन के लिए तेजी से पसंदीदा स्थलों के रूप में उभर रहे हैं। यहां का शांत और प्राकृतिक वातावरण लोगों को शहर की भागदौड़ से दूर सुकून के पल बिताने का अवसर दे रहा है।
पर्यटकों की सुविधा और सुरक्षा पर विशेष जोर
जिला प्रशासन द्वारा पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों की सुविधा और सुरक्षित पर्यटन को प्राथमिकता दी जा रही है। पार्किंग, स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित परिसर, बैठने की व्यवस्था, गार्डन एवं हरित क्षेत्र, पेयजल तथा आवागमन जैसी मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसके साथ ही पर्यटकों के मनोरंजन के लिए विभिन्न गतिविधियों को भी बढ़ावा दिया जा रहा है।
जलक्रीड़ा गतिविधियों के दौरान सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर भी प्रशासन सजग है, ताकि पर्यटक प्राकृतिक सौंदर्य और रोमांच का आनंद सुरक्षित वातावरण में उठा सकें।
पर्यटन से बढ़ेंगे रोजगार के अवसर
कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने कहा कि धमतरी जिले में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। गंगरेल, रुद्री डेम, माडमसिल्ली और नरहरा जैसे प्राकृतिक स्थलों को सुविधायुक्त एवं आकर्षक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए जिला प्रशासन लगातार प्रयास कर रहा है। उद्देश्य है कि यहां आने वाले पर्यटकों को प्राकृतिक सौंदर्य के साथ सुरक्षित, स्वच्छ, सुव्यवस्थित और यादगार पर्यटन अनुभव मिले।
उन्होंने कहा कि जलक्रीड़ा एवं साहसिक गतिविधियों के विस्तार से पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ ही स्थानीय स्तर पर रोजगार और आर्थिक गतिविधियों के नए अवसर भी विकसित होंगे।
प्रकृति, रोमांच और सुकून का संगम
इन दिनों गंगरेल, रुद्री और माडमसिल्ली की जलराशि तथा नरहरा की प्राकृतिक छटा पर्यटकों के कैमरों में खूब कैद हो रही है। परिवारों के लिए शांत वातावरण, युवाओं के लिए रोमांचक वाटर स्पोर्ट्स और प्रकृति प्रेमियों के लिए मनमोहक दृश्य—इन सभी का अनूठा संगम धमतरी के पर्यटन स्थलों पर देखने को मिल रहा है।
पर्यटन सुविधाओं के लगातार विस्तार और प्राकृतिक स्थलों के विकास से धमतरी अब महज एक पड़ाव नहीं, बल्कि प्रकृति, रोमांच और सुकून का आकर्षक पर्यटन गंतव्य बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।



