विधायक अंबिका मरकाम ने फहराया तिरंगा, स्वतंत्रता दिवस पर दिया एकता और विकास का संदेश

0

 

विधायक अंबिका मरकाम ने फहराया तिरंगा, स्वतंत्रता दिवस पर दिया एकता और विकास का संदेश

विधायक निवास/कार्यालय नगरी में गरिमामय आयोजन, क्षेत्रवासियों को दी स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं



उत्तम साहू 

नगरी। देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सिहावा विधानसभा क्षेत्र की विधायक श्रीमती अंबिका मरकाम ने विधायक निवास/कार्यालय नगरी में राष्ट्रीय ध्वज फहराकर आजादी के पर्व को गरिमा और उत्साह के साथ मनाया। ध्वजारोहण के बाद उपस्थित कांग्रेसजनों एवं क्षेत्रवासियों ने राष्ट्रगान के साथ तिरंगे को सलामी दी और देश की एकता, अखंडता एवं संप्रभुता की रक्षा का संकल्प लिया।

इस अवसर पर विधायक अंबिका मरकाम ने क्षेत्रवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि 15 अगस्त केवल उत्सव का दिन नहीं, बल्कि उन महान स्वतंत्रता सेनानियों और वीर शहीदों के त्याग, संघर्ष एवं बलिदान को याद करने का अवसर है, जिनके कारण आज हम स्वतंत्र भारत में सांस ले रहे हैं।



उन्होंने महात्मा गांधी, पंडित जवाहरलाल नेहरू, नेताजी सुभाषचंद्र बोस, सरदार भगत सिंह, चंद्रशेखर आजाद सहित असंख्य ज्ञात-अज्ञात स्वतंत्रता सेनानियों को नमन करते हुए कहा कि देश की आजादी लंबे संघर्ष और अनगिनत बलिदानों के बाद हासिल हुई है। ऐसे में स्वतंत्रता की सच्ची सार्थकता तभी है, जब हम संविधान के मूल्यों, लोकतंत्र, समानता, भाईचारे और सामाजिक न्याय की भावना को मजबूत करते हुए राष्ट्र निर्माण में अपनी जिम्मेदारी निभाएं।

एकता और भाईचारे के साथ विकास में भागीदारी का आह्वान

विधायक ने क्षेत्रवासियों से आपसी प्रेम और भाईचारे के साथ आगे बढ़ने तथा सिहावा क्षेत्र, छत्तीसगढ़ और देश के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ियों को स्वतंत्रता संग्राम के गौरवशाली इतिहास और वीर शहीदों के बलिदान से परिचित कराना हम सभी की जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि देश की एकता एवं अखंडता को सर्वोपरि रखते हुए लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करनी होगी और समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास एवं न्याय पहुंचाने के लिए मिलकर प्रयास करना होगा।

जनता के सहयोग से विकास कार्यों को गति देने का भरोसा

अंबिका मरकाम ने कहा कि सिहावा विधानसभा क्षेत्र की जनता ने हमेशा सामाजिक सद्भाव, भाईचारे और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूती प्रदान की है। जनता के सहयोग और विश्वास के साथ क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, पानी, रोजगार और मूलभूत सुविधाओं के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने के प्रयास निरंतर जारी रहेंगे।

       बड़ी संख्या में कांग्रेसजन रहे मौजूद

कार्यक्रम में जिला कांग्रेस कमेटी धमतरी के उपाध्यक्ष भानेन्द्र ठाकुर, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अनवर राजा, विधायक प्रतिनिधि सचिन भंसाली, नगरी पार्षद हरीश साहू, राघवेंद्र वर्मा, रबी ठाकुर, टेश्वर ध्रुव, अयूब खान, राजेंद्र ठाकुर सहित कांग्रेस के वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

जिला कांग्रेस कमेटी, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी, युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस, कांग्रेस सेवादल सहित विभिन्न प्रकोष्ठों एवं संगठनों के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की। सभी ने देश की एकता, अखंडता एवं लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए समर्पित होकर कार्य करने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के समापन पर विधायक अंबिका मरकाम ने पुनः सिहावा विधानसभा क्षेत्र के नागरिकों, किसानों, मजदूरों, युवाओं, महिलाओं, वरिष्ठजनों एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि वीर शहीदों का बलिदान सदैव राष्ट्र निर्माण की प्रेरणा देता रहेगा और उनके सपनों के भारत के निर्माण के लिए हम सभी को मिलकर आगे बढ़ना होगा।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !