शराब के नशे में विवाद, ससुर ने सरई के डंडे से की दामाद की हत्या, आरोपी जेल भेजा
कबीरधाम। ससुराल आए दामाद की शराब के नशे में हुए विवाद के बाद ससुर द्वारा सरई की लकड़ी से किए गए हमले में मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल दामाद ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। मामले में तारेगांव जंगल पुलिस ने आरोपी ससुर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मध्यप्रदेश के मातुमझोला निवासी वैशाखु सिंह मरावी 9 अगस्त को अपनी पत्नी सुषमा बाई और दो बच्चों के साथ अपने ससुराल ग्राम कोयलारी आया था। बताया गया कि इसी दौरान वैशाखु सिंह और उसके 50 वर्षीय ससुर मंगल सिंह धुर्वे के बीच शराब पीने के दौरान किसी बात को लेकर विवाद हो गया।
विवाद बढ़ने पर मंगल सिंह ने सरई की लकड़ी का डंडा उठाकर अपने दामाद पर हमला कर दिया। हमले में वैशाखु के सिर, दाहिनी कलाई, पीठ और सीने में गंभीर चोटें आईं। परिजनों ने उसे तत्काल बोडला के शासकीय अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार चल रहा था। गंभीर हालत के बीच 13 अगस्त को वैशाखु सिंह की मौत हो गई।
मध्यप्रदेश में दर्ज हुई थी एफआईआर
घटना के संबंध में प्रारंभिक मामला मध्यप्रदेश के मोतीनाला थाना क्षेत्र में दर्ज किया गया था। बाद में प्रकरण की केस डायरी छत्तीसगढ़ के तारेगांव जंगल थाना क्षेत्र में स्थानांतरित की गई। केस डायरी मिलने के बाद तारेगांव जंगल पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी ससुर मंगल सिंह धुर्वे को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने सरई की लकड़ी से दामाद पर हमला करने और उसकी मौत होने की बात स्वीकार की। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में इस्तेमाल सरई की लकड़ी भी जब्त कर ली है।
BNS की धारा 103(1) के तहत कार्रवाई
पुलिस ने आरोपी मंगल सिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया। कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
शराब के नशे में शुरू हुआ पारिवारिक विवाद आखिरकार हत्या जैसी गंभीर वारदात में बदल गया। घटना ने रिश्तों में बढ़ते विवाद और नशे के दुष्परिणामों को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े किए हैं।

