कोटेश्वर महादेव के दरबार पहुंचे पूर्व सीएम भूपेश बघेल, प्रदेश की समृद्धि और खुशहाली की कामना
सिहावा विधानसभा प्रवास के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं से हुए रूबरू, भाजपा सरकार पर साधा निशाना; बोले- कार्यकर्ता डरे नहीं, हौसले के साथ करें काम
उत्तम साहू
नगरी। पूर्व मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता भूपेश बघेल ने 10 अगस्त को सिहावा विधानसभा क्षेत्र के एक दिवसीय प्रवास के दौरान प्रसिद्ध कोटेश्वर महादेव मंदिर पहुंचकर भगवान शिव का दर्शन-पूजन किया। उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। दर्शन के बाद वे नगरी पहुंचे, जहां सिहावा विधायक अंबिका मरकाम के निवास पर आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से मुलाकात की।
पूर्व मुख्यमंत्री के आगमन की खबर से क्षेत्र के कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। नगरी एवं मगरलोड ब्लॉक सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और महिला कांग्रेस की सदस्य कार्यक्रम में पहुंचे। कार्यक्रम स्थल पर कार्यकर्ताओं का हुजूम उमड़ पड़ा। कार्यकर्ताओं ने पूर्व मुख्यमंत्री का आत्मीय स्वागत किया और उनके साथ संवाद किया।
भाजपा सरकार पर जमकर साधा निशाना
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए भूपेश बघेल ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा सरकार सवाल पूछने वालों को डराने-धमकाने का काम कर रही है और प्रदेश में भ्रष्टाचार चरम पर है। उन्होंने केंद्र एवं राज्य सरकार की नीतियों को लेकर भी सवाल उठाए।
उन्होंने कहा कि आज आम जनता महंगाई से परेशान है। बिजली के बिल बढ़ गए हैं। कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में बिजली बिल को लेकर राहत देने का काम किया गया था, लेकिन भाजपा सरकार ने उस राहत को समाप्त कर दिया है। उन्होंने शराब नीति को लेकर भी भाजपा सरकार पर हमला बोला और कहा कि कांग्रेस शासनकाल में शराबबंदी की दिशा में प्रयास किए जा रहे थे, लेकिन वर्तमान सरकार के कार्यकाल में शराब की दुकानों का विस्तार हुआ है।
‘कार्यकर्ता डरे नहीं, हौसले के साथ करें काम’
भूपेश बघेल ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से कहा कि मौजूदा परिस्थितियों में उन्हें निराश या भयभीत होने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि वे पूरी मजबूती और हौसले के साथ जनता के बीच जाएं तथा जनहित के मुद्दों को उठाते रहें।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार सवाल करने वालों को डराने का प्रयास कर रही है, लेकिन देश और प्रदेश का युवा अब जागरूक हो चुका है और वह सब कुछ समझ रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने तथा जनता के बीच लगातार सक्रिय रहने का आग्रह किया।
कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं की रही बड़ी मौजूदगी
कार्यक्रम में सिहावा विधायक अंबिका मरकाम, बिंद्रानवागढ़ विधायक जनकराम ध्रुव, धमतरी विधायक ओंकार साहू, ब्लाक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अनवर रजा, विधायक प्रतिनिधि सचिन भंसाली,छबि ठाकुर, टेश्वर ध्रुव अंजोर सिंह निषाद, मगरलोड से वरिष्ठ कांग्रेसी डीहू राम साहू जनपद सदस्य विनीत बाफना सहित क्षेत्र के वरिष्ठ कांग्रेस नेता, पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। एवं महिला कांग्रेस की सदस्यों की भी उल्लेखनीय सहभागिता रही।
पूर्व मुख्यमंत्री के सिहावा विधानसभा प्रवास को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल रहा। कार्यकर्ताओं ने क्षेत्र की राजनीतिक एवं संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर भी पूर्व मुख्यमंत्री से संवाद किया। कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस नेताओं ने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और आगामी समय में जनहित के मुद्दों को लेकर सक्रिय भूमिका निभाने पर जोर दिया।



