बोराई पुलिस ने घुटकेल स्कूल में विद्यार्थियों को दी साइबर सुरक्षा और नशामुक्ति की जानकारी
उत्तम साहू
नगरी,घुटकेल, 18 अगस्त 2026। मंगलवार को बोराई थाना पुलिस द्वारा साइबर अपराधों से बचाव एवं नशामुक्ति को लेकर जागरूकता अभियान चलाया गया। थाना स्टाफ ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालय घुटकेल में पहुंचकर विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा, ऑनलाइन ठगी से बचाव तथा नशे के दुष्परिणामों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को बताया गया कि वर्तमान समय में मोबाइल और इंटरनेट के बढ़ते उपयोग के साथ साइबर अपराधों का खतरा भी बढ़ रहा है। अनजान लिंक पर क्लिक करने, ओटीपी या बैंक संबंधी जानकारी साझा करने, संदिग्ध कॉल एवं सोशल मीडिया संदेशों के झांसे में आने से बचने की समझाइश दी गई। पुलिस कर्मचारियों ने विद्यार्थियों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल अपने अभिभावकों, शिक्षकों या पुलिस को देने की अपील की।
इसी दौरान नशामुक्ति अभियान के तहत विद्यार्थियों को नशीले पदार्थों से होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्प्रभावों के बारे में भी बताया गया। पुलिस ने कहा कि नशे से दूर रहकर विद्यार्थी अपने भविष्य को बेहतर दिशा दे सकते हैं और समाज को नशामुक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
कार्यक्रम का आयोजन विद्यालय के प्राचार्य धनंजय कश्यप की अगुवाई में किया गया। इस अवसर पर शिक्षक योगेश ध्रुव, दीपेश साहू, मंडावी, चंद्राकर, निषाद, जंगेल एवं राजपूत सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।
पुलिस विभाग की ओर से टीआई मधुनाथ ध्रुव, सहायक उप निरीक्षक फरस राम निषाद, आरक्षक डोमेन्द्र चंडिकेश्वर चौहान, महिला आरक्षक नर्मदा नेताम एवं दुर्गेश नंदिनी सहित थाना स्टाफ ने विद्यार्थियों से संवाद कर साइबर अपराध एवं नशे से बचाव के उपाय बताए।
पुलिस की इस जागरूकता पहल से विद्यार्थियों में साइबर सुरक्षा और नशामुक्त जीवन के प्रति जागरूकता बढ़ी। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने स्वयं नशे से दूर रहने तथा दूसरों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।

