नगरी को नगर पालिका का दर्जा और आवासीय भूमि का समाधान दिलाने सांसद से मिले अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा

0

 

नगरी को नगर पालिका का दर्जा और आवासीय भूमि का समाधान दिलाने सांसद से मिले अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा

श्रृंगी ऋषि आश्रम में सांसद भोजराज नाग से मुलाकात, दो प्रमुख मांगों को लेकर सौंपा ज्ञापन



उत्तम साहू,नगरी, 18 अगस्त 2026।
नगर पंचायत नगरी को विकास की नई दिशा देने और वर्षों से चली आ रही जनसमस्याओं के स्थायी समाधान को लेकर नगर पंचायत अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा की पहल लगातार जारी है। इसी क्रम में उन्होंने श्रृंगी ऋषि आश्रम पहुंचकर कांकेर सांसद भोजराज नाग से मुलाकात की। इस दौरान नगर के विकास से जुड़ी दो महत्वपूर्ण मांगों को लेकर विस्तृत ज्ञापन सौंपते हुए आवश्यक पहल की मांग की।

अध्यक्ष छाबड़ा ने सबसे प्रमुख रूप से नगर पंचायत नगरी को नगर पालिका का दर्जा प्रदान करने की मांग रखी। उन्होंने सांसद को बताया कि नगरी का क्षेत्रफल और आबादी लगातार बढ़ रही है। ऐसे में नगर पालिका का दर्जा मिलने से विकास कार्यों के लिए बेहतर संसाधन उपलब्ध होंगे, प्रशासनिक व्यवस्था मजबूत होगी तथा नागरिकों को मूलभूत सुविधाओं का और अधिक विस्तार मिल सकेगा।

मुलाकात के दौरान नगरी के कुछ आवासीय क्षेत्रों की भूमि का रिकॉर्ड ‘बड़े झाड़ के जंगल’ के रूप में दर्ज होने का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। अध्यक्ष ने बताया कि इन क्षेत्रों में लोग वर्षों से निवास कर रहे हैं, लेकिन भूमि रिकॉर्ड की स्थिति के कारण पात्र परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना सहित अन्य शासकीय योजनाओं का लाभ लेने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई कि संबंधित भूमि रिकॉर्ड में नियमानुसार आवश्यक संशोधन की प्रक्रिया शुरू कराकर वर्षों से निवासरत पात्र परिवारों को शासकीय आवास योजनाओं का लाभ दिलाने का मार्ग प्रशस्त किया जाए।

सांसद भोजराज नाग ने दोनों विषयों को गंभीरता से सुनते हुए आवश्यक स्तर पर पहल करने का आश्वासन दिया। उन्होंने नगरी के विकास और नागरिकों की समस्याओं के निराकरण के लिए शासन-प्रशासन के समक्ष प्रभावी ढंग से विषय रखने की बात कही।

नगर पंचायत अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा की इस पहल को नगरी के विकास और नागरिक सुविधाओं से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को शासन के समक्ष मजबूती से रखने की दिशा में एक अहम प्रयास माना जा रहा है। मुलाकात के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहे।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !