नगरी सिविल अस्पताल में शिशु संरक्षण माह का शुभारंभ, 18 हजार से अधिक बच्चों को मिलेगी स्वास्थ्य सुरक्षा
6 माह से 5 वर्ष तक के बच्चों को दी जाएगी IFA सिरप, 9 माह से 5 वर्ष तक के बच्चों को विटामिन ‘ए’ की खुराक
नगरी, 18 अगस्त 2026। शासन के निर्देशानुसार सिविल अस्पताल नगरी में मंगलवार को ‘शिशु संरक्षण माह’ अभियान का शुभारंभ किया गया। अभियान के तहत 18 अगस्त से 24 सितंबर तक नगरी विकासखंड क्षेत्र में 5 वर्ष तक के बच्चों को पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी विभिन्न सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। अभियान का शुभारंभ अनुविभागीय दंडाधिकारी (SDM) श्रीमती प्रीति दुर्गम ने सिविल अस्पताल नगरी के पोषण पुनर्वास केंद्र (NRC) में भर्ती बच्चों को विटामिन ‘ए’ की खुराक पिलाकर किया।
खंड चिकित्सा अधिकारी (BMO) डॉ. डी.एन. सोम ने बताया कि अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीमें मैदानी स्तर पर पहुंचकर बच्चों को आवश्यक पोषण एवं स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करेंगी। अभियान के अंतर्गत 6 माह से 5 वर्ष तक की आयु के 18,204 बच्चों को आयरन फॉलिक एसिड (IFA) सिरप तथा 9 माह से 5 वर्ष तक की आयु के 17,191 बच्चों को विटामिन ‘ए’ की खुराक दी जाएगी।
इसके अलावा अभियान के दौरान कुपोषित बच्चों की पहचान, हीमोग्लोबिन जांच, नियमित टीकाकरण तथा स्वास्थ्य संबंधी परामर्श जैसी सेवाएं भी प्रदान की जाएंगी। स्वास्थ्य विभाग द्वारा अभिभावकों को बच्चों के पोषण, स्वच्छता एवं स्वास्थ्य देखभाल के प्रति जागरूक भी किया जाएगा।
वर्ष में दो बार होता है आयोजन
ब्लॉक प्रोग्राम मैनेजर (BPM) हितेंद्र साहू ने बताया कि ‘शिशु संरक्षण माह’ शासन की पोषण अनुपूरण योजना का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसका आयोजन वर्ष में दो बार, प्रत्येक छह माह में किया जाता है। अभियान का उद्देश्य बच्चों में कुपोषण एवं एनीमिया की रोकथाम के साथ-साथ शिशु मृत्यु दर में कमी लाना और उन्हें बेहतर स्वास्थ्य एवं पोषण उपलब्ध कराना है।
शुभारंभ कार्यक्रम में फीडिंग डेमोंस्ट्रेटर वंदना साहू, स्टाफ नर्स बरखा जेवंत, बीएएम प्रेम लाल साहू सहित पोषण पुनर्वास केंद्र नगरी का समस्त स्टाफ, हितग्राही एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने 5 वर्ष तक के बच्चों को अभियान के दौरान उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य एवं पोषण सेवाओं का लाभ अवश्य दिलाएं।

