नगर पंचायत नगरी में उत्कृष्ट कर्मचारियों का सम्मान, बढ़ाया हौसला
स्वतंत्रता दिवस पर आयोजित सम्मान समारोह में तीन अधिकारी-कर्मचारियों को उत्कृष्ट कार्य के लिए किया गया सम्मानित
उत्तम साहू
नगरी। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर नगर पंचायत नगरी परिसर में अधिकारी-कर्मचारी सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम नगर पंचायत अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा, उपाध्यक्ष विकास बोहरा, समस्त पार्षदों एवं एल्डरमैन के नेतृत्व में आयोजित हुआ। इस दौरान उत्कृष्ट एवं जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करने वाले तीन अधिकारी-कर्मचारियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
नगर पंचायत नगरी में प्रत्येक वर्ष 15 अगस्त एवं 26 जनवरी के अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों के साथ ही नगरहित में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यापारी एवं नगरवासियों को सम्मानित करने की परंपरा रही है। इसी कड़ी में इस वर्ष भी स्वतंत्रता दिवस पर तीन कर्मचारियों को उनके उत्कृष्ट कार्य एवं दायित्वों के सफल निर्वहन के लिए प्रशस्ति एवं सम्मान प्रदान किया गया।
राजस्व वसूली में बेहतर प्रदर्शन के लिए राजेंद्र साहू सम्मानित
नगर पंचायत कर्मचारी राजेंद्र साहू को राजस्व वसूली में बेहतर प्रदर्शन, निकाय को आर्थिक रूप से मजबूत करने की दिशा में किए गए प्रयास तथा सौंपे गए दायित्वों के सफलतापूर्वक निर्वहन के लिए सम्मानित किया गया। उनके कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें प्रशस्ति प्रदान की गई।
जेसीबी ऑपरेटर अभिषेक मरकाम को बेहतर सेवा के लिए सम्मान
नगर पंचायत के जेसीबी ऑपरेटर अभिषेक मरकाम को अपने कार्य के प्रति समर्पण, बेहतर सेवा एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के लिए सम्मानित किया गया। नगर पंचायत के विभिन्न कार्यों में उनकी सक्रिय भूमिका एवं तत्परता को देखते हुए उन्हें सम्मान प्रदान किया गया।
कमल नारायण सिन्हा के कार्यों की सराहना
पीडब्ल्यूडी विभाग के सहायक कर्मचारी कमल नारायण सिन्हा को विभागीय निर्माण कार्यों, भूमि पूजन, लोकार्पण सहित समय-समय पर सौंपे जाने वाले महत्वपूर्ण दायित्वों का कुशलतापूर्वक निर्वहन करने के लिए सम्मानित किया गया।
सम्मान से कर्मचारियों में बढ़ेगा उत्साह : बलजीत छाबड़ा
नगर पंचायत अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा ने कहा कि नगर पंचायत के अधिकारी-कर्मचारी पूरी मेहनत और लगन के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं। उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को सम्मानित करने का उद्देश्य उनका उत्साह बढ़ाने के साथ-साथ अन्य कर्मचारियों में भी स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करना है।
उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के बेहतर कार्य से नगरवासियों के काम समय पर, पारदर्शिता और ईमानदारी के साथ पूरे होंगे। सम्मान केवल व्यक्ति का नहीं, बल्कि उसके कार्य के प्रति समर्पण, जिम्मेदारी और सेवा भावना का सम्मान है। ऐसे आयोजन कर्मचारियों को भविष्य में और बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करते हैं।
जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी-कर्मचारी रहे उपस्थित
सम्मान समारोह में पार्षद देवचरण ध्रुव, मिकी गुप्ता, नरेश पटेल, चेलेश्वरी साहू, जयंती, टुकेश्वरी साहू, अलका साहू, डागेश्वरी साहू, अश्वनी निषाद, अंबिका ध्रुव, यशकरण पटेल, शंकर देव एवं हरीश साहू सहित एल्डरमैन प्रतिमा देवांगन, गौरव तिवारी एवं दुर्गा प्रजापति उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में नगर पंचायत सीएमओ यशवंत वर्मा, इंजीनियर परमेश कुमार ध्रुव, दुर्गेश साहू, पुष्कर पाटील, कमल सिन्हा, योगेश निषाद, खिलेश्वर साहू, दीपक साहू, कंप्यूटर ऑपरेटर दुर्गेश साहू, अजय साहू, सतीश यादव सहित अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नगरवासी मौजूद रहे।
सम्मान समारोह से नगर पंचायत के कर्मचारियों में उत्साह का संचार हुआ और स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सेवा, जिम्मेदारी एवं जनहित के प्रति समर्पण का सकारात्मक संदेश गया।


