स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा: मगरलोड में नए CHC भवन के लिए बड़े स्थान का होगा चयन

0

 

स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा: मगरलोड में नए CHC भवन के लिए बड़े स्थान का होगा चयन

उच्च जोखिम गर्भवती माताओं की निःशुल्क सोनोग्राफी पर जोर, कुपोषित बच्चों को NRC भेजने के निर्देश



उत्तम साहू 

धमतरी, 24 अगस्त 2026। जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी, सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण बनाने के उद्देश्य से कलेक्टोरेट सभाकक्ष धमतरी में आज स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। कलेक्टर अविनाश मिश्रा की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में जिले में संचालित स्वास्थ्य योजनाओं, मातृ-शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण तथा मैदानी स्वास्थ्य सेवाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।


मगरलोड में बनेगा नया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र

बैठक में बताया गया कि मगरलोड सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का वर्तमान भवन जर्जर होने के कारण नए भवन के निर्माण के लिए राशि स्वीकृत हो चुकी है। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि नए भवन के लिए वर्तमान स्थान की तुलना में अधिक बड़ा एवं उपयुक्त स्थल चिन्हित किया जाए। उन्होंने कहा कि भवन निर्माण की योजना भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए तैयार की जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को आधुनिक एवं पर्याप्त स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।


हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं की निःशुल्क सोनोग्राफी

बैठक में उच्च जोखिम वाली गर्भवती माताओं के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए उनकी अल्ट्रासोनोग्राफी जांच निःशुल्क कराने के निर्देश दिए गए। इसी क्रम में 25 अगस्त को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नगरी में विशेष निःशुल्क जांच एवं सोनोग्राफी शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर में क्षेत्र की उच्च जोखिम वाली गर्भवती माताएं जांच एवं आवश्यक स्वास्थ्य परामर्श का लाभ ले सकेंगी।


कुपोषित बच्चों को NRC भेजने में तेजी

कुपोषण मुक्ति अभियान की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने महिला एवं बाल विकास विभाग तथा मितानिनों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि चिन्हित कुपोषित बच्चों को पोषण पुनर्वास केंद्र (NRC) में अनिवार्य रूप से भेजा जाए और उनके स्वास्थ्य एवं पोषण की नियमित निगरानी की जाए।


गंभीर बीमारियों से पीड़ित बच्चों का समय पर उपचार

राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (RBSK) की समीक्षा करते हुए गंभीर बीमारियों से पीड़ित बच्चों की समय पर पहचान और उपचार सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। हृदय रोग, आंख, कान सहित अन्य गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से ग्रसित बच्चों को चिन्हित कर संबंधित अस्पतालों से समन्वय स्थापित करते हुए उनका त्वरित एवं समुचित उपचार कराने के निर्देश दिए गए।


अकला डोंगरी उपस्वास्थ्य केंद्र का जल्द होगा लोकार्पण

ग्राम अकला डोंगरी में प्रस्तावित उपस्वास्थ्य केंद्र के लोकार्पण से पहले कलेक्टर स्वयं स्थल का निरीक्षण करेंगे। इस दौरान वे भवन एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लेकर स्वास्थ्य सेवाओं के सुचारू संचालन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश देंगे।

बैठक में जिले में संचालित विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों, मातृ-शिशु स्वास्थ्य सेवाओं, टीकाकरण, संस्थागत प्रसव तथा अन्य मैदानी स्वास्थ्य सेवाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचाने तथा स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार के निर्देश दिए गए।

बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी, अपर कलेक्टर, जिले के समस्त खंड चिकित्सा अधिकारी (BMO), जिला कार्यक्रम के नोडल अधिकारी तथा स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !