आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिका संघ की प्रदेश कार्यसमिति बैठक संपन्न

0

 

आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिका संघ की प्रदेश कार्यसमिति बैठक संपन्न

संगठन विस्तार, पदोन्नति और लंबित मांगों को लेकर लिए गए महत्वपूर्ण निर्णय



रायपुर, 23 अगस्त 2026। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिका संघ छत्तीसगढ़ प्रदेश की प्रदेश कार्यसमिति की महत्वपूर्ण बैठक 23 अगस्त को क्षेत्रीय प्रदेश कार्यालय, रायपुर में आयोजित की गई। बैठक में संगठन को मजबूत बनाने, सदस्यता अभियान को गति देने, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं की लंबित मांगों तथा आगामी आंदोलन की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में संगठनात्मक जिम्मेदारियों को मजबूत करते हुए श्रीमती सुमनमति केराम को प्रदेश अध्यक्ष, श्रीमती अंजनी पटेल को प्रदेश संयुक्त महामंत्री तथा श्री मुस्ताक अहमद अंसारी, जिलामंत्री बालोद बीएमएस को दुर्ग संभाग आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिका संघ प्रभारी नियुक्त किया गया।

प्रदेश कार्यसमिति ने निर्णय लिया कि छत्तीसगढ़ में सदस्यता अभियान को तेज कर जिला, परियोजना एवं सेक्टर स्तर तक संगठन का विस्तार किया जाएगा। इसके साथ ही आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं के मानदेय, पदोन्नति, सामाजिक सुरक्षा, पेंशन, बीमा, स्वास्थ्य सुविधा सहित अन्य लंबित मांगों को शासन के समक्ष मजबूती से उठाया जाएगा।

बैठक में कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं को सुपरवाइजर पद पर पदोन्नति में उचित अवसर उपलब्ध कराने तथा इस संबंध में शासन एवं विभाग के समक्ष प्रभावी पहल करने का भी निर्णय लिया गया।


1 अक्टूबर के धरने को सफल बनाने की तैयारी


प्रदेश कार्यसमिति ने 1 अक्टूबर को प्रस्तावित विशाल धरने को सफल बनाने के लिए सभी जिलों एवं संभागों को आवश्यक जिम्मेदारियां सौंपने का निर्णय लिया। साथ ही शासन एवं विभाग के समक्ष ज्ञापन प्रस्तुत करने और प्रतिनिधिमंडल के माध्यम से लंबित मांगों को प्रभावी ढंग से रखने पर सहमति बनी।

बैठक में प्रदेश पदाधिकारियों ने सभी जिला एवं संभाग पदाधिकारियों से आपसी समन्वय, संगठनात्मक अनुशासन और एकजुटता के साथ कार्य करने का आह्वान किया। आगामी बैठकों, आंदोलनों एवं संगठनात्मक कार्यक्रमों की तैयारियां प्रदेश स्तर से निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार किए जाने की बात कही गई।

बैठक के अंत में उपस्थित पदाधिकारियों ने संगठन की एकता एवं अनुशासन को मजबूत रखते हुए आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिकाओं के हितों के लिए पूरी निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने का संकल्प लिया।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !