नगरी..वन विश्राम गृह में 100 पौधे रोपकर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
सेवा संकल्प अभियान के तहत वन विभाग ने जनभागीदारी से हरियाली और स्वच्छता का संकल्प दोहराया
नगरी, 23 सितंबर 2026। सेवा संकल्प अभियान 2026 को जनभागीदारी के माध्यम से प्रभावी और व्यापक स्वरूप देने के उद्देश्य से वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग, धमतरी वनमंडल द्वारा पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता पर केंद्रित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी कड़ी में अभियान के पहले दिन बुधवार को नगरी स्थित वन विश्राम गृह परिसर में जनप्रतिनिधियों एवं वन विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों की मौजूदगी में करीब 100 पौधों का रोपण किया गया।
पौधरोपण के दौरान आम, सीताफल, कटहल, पारिजात, आंवला, अमरूद, गुलमोहर, काजू, जामुन सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए। कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को पर्यावरण संरक्षण, हरियाली बढ़ाने और पौधों की देखभाल के प्रति जागरूक करते हुए प्रकृति संरक्षण में सामूहिक भागीदारी का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में सिहावा विधायक अंबिका मरकाम, वरिष्ठ कांग्रेसी भानेंद ठाकुर, नगर पंचायत अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा, उपाध्यक्ष विकास बोहरा, भाजपा महामंत्री रूपेंद्र साहू, मंडल अध्यक्ष राजेश नाथ गोसाईं, जनपद सभापति प्रेमलता नागवंशी, पिंकी ध्रुव, पार्षद चेलेश्वरी साहू, अंबिका ध्रुव एवं डिगेश्वरी साहू, सभापति अश्विनी निषाद, विकास सोनी,सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। वन विभाग की ओर से उपमंडलाधिकारी संजय रौतिया, रेंजर किन्नू जोशी सहित वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
धमतरी वनमंडल द्वारा आयोजित यह तीन दिवसीय अभियान केवल पौधरोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि स्वच्छता, जलस्रोतों के संरक्षण और पर्यावरण के प्रति नागरिकों में जिम्मेदारी की भावना विकसित करने पर भी केंद्रित है। विभाग का उद्देश्य जनभागीदारी के माध्यम से सेवा, स्वच्छता और प्रकृति संरक्षण को एक साझा अभियान का स्वरूप देना है।
डीएफओ धमतरी कृष्ण जाधव ने जिलेवासियों से सेवा संकल्प अभियान से जुड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि पौधरोपण, स्वच्छता और जलस्रोतों के संरक्षण जैसे छोटे-छोटे प्रयास सामूहिक रूप से पर्यावरण संरक्षण के बड़े जनअभियान का रूप ले सकते हैं। उन्होंने नागरिकों से अभियान की गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता निभाते हुए स्वच्छ, हरित और पर्यावरण-संवेदनशील धमतरी के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया।


