159 पौवा शराब के साथ महिला समेत दो गिरफ्तार
नयापारा में डमी ग्राहक बनाकर महिला तस्कर को पकड़ा, भखारा में शराब भट्टी के पास पुलिस की घेराबंदी
उत्तम साहू,धमतरी, 05 सितंबर 2026। आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए धमतरी पुलिस ने अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय के निर्देश पर सिटी कोतवाली और भखारा पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए कुल 159 पौवा अवैध देशी शराब जब्त कर एक महिला सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों मामलों में करीब 13 हजार 760 रुपये का मशरूका जब्त किया गया है।
पुलिस के अनुसार जिले में अवैध शराब, जुआ-सट्टा एवं नशीले पदार्थों के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए लगातार निगरानी और सघन कार्रवाई की जा रही है।
नयापारा में पॉइंटर बनाकर पकड़ी गई महिला
सिटी कोतवाली पुलिस को सूचना मिली थी कि शीतला मंदिर गली, नयापारा क्षेत्र में एक महिला घर के पीछे गली में अवैध शराब रखकर बिक्री कर रही है। सूचना की पुष्टि के लिए पुलिस ने एक आरक्षक को सादे कपड़ों में डमी ग्राहक (पॉइंटर) बनाकर भेजा।
शराब बिक्री की पुष्टि होते ही पुलिस टीम और महिला पुलिस बल ने मौके पर घेराबंदी कर आरोपी महिला को पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपी चित्ररेखा मानिकपुरी, पति मन्नूदास मानिकपुरी, उम्र 38 वर्ष, निवासी गोकुलपुर वार्ड धमतरी तथा वर्तमान निवास शीतला मंदिर गली नयापारा, महात्मा गांधी वार्ड है।
पुलिस ने उसके कब्जे से 49 पौवा देशी शराब जब्त की, जिसमें 17 पौवा देशी प्लेन, 32 पौवा देशी मसाला शराब और टेस्ट परचेज की शराब शामिल है। बिक्री रकम सहित कुल 4 हजार 960 रुपये का मशरूका जब्त किया गया। मामले में सिटी कोतवाली थाना में अपराध क्रमांक 212/2026 दर्ज कर आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत कार्रवाई की गई।
भखारा में शराब भट्टी के पास दबिश
इसी तरह थाना भखारा पुलिस को सूचना मिली कि देशी शराब भट्टी के पास एक व्यक्ति भारी मात्रा में शराब लेकर बिक्री की फिराक में खड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को शराब सहित गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी प्रकाश साहू, पिता नारद राम साहू, उम्र 45 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 08, भखारा है।
उसके कब्जे से 110 पौवा देशी प्लेन शराब, जिसकी कीमत करीब 8 हजार 800 रुपये बताई गई है, जब्त की गई। इस मामले में थाना भखारा में अपराध क्रमांक 108/2026 दर्ज कर आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत कार्रवाई की गई।
दोनों आरोपियों को भेजा गया जेल
दोनों कार्रवाई में पुलिस ने कुल 159 पौवा देशी शराब, लगभग 28.6 बल्क लीटर, जब्त की है। महिला समेत दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
जीरो टॉलरेंस की नीति पर धमतरी पुलिस
एसपी भावना पांडेय के निर्देशन में धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आगामी त्योहारी सीजन के दौरान अवैध शराब बिक्री, तस्करी, जुआ-सट्टा और अन्य नशे के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई और अधिक सख्ती से जारी रहेगी। पुलिस ने असामाजिक तत्वों और अवैध कारोबारियों को चेतावनी देते हुए कहा है कि जिले में ऐसे कारोबार को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

