धमतरी में 28 सितंबर को भव्य 'महारक्तदान शिविर' का आयोजन; जिला अस्पताल समेत 6 केंद्रों में होगा रक्तदान

0

 

धमतरी में 28 सितंबर को भव्य 'महारक्तदान शिविर' का आयोजन; जिला अस्पताल समेत 6 केंद्रों में होगा रक्तदान


उत्तम साहू 

धमतरी (छत्तीसगढ़): छत्तीसगढ़ शासन के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग तथा जिला प्रशासन धमतरी के संयुक्त तत्वावधान में 28 सितंबर 2026 (सोमवार) को संपूर्ण धमतरी जिले में व्यापक स्तर पर एक विशाल 'महारक्तदान शिविर' का आयोजन किया जा रहा है। "सेवा संकल्प एवं जनप्रयास महा अभियान" के तहत आयोजित इस अभियान का मुख्य उद्देश्य प्रसूता माताओं, सिकेल सेल व थैलेसीमिया से पीड़ित बच्चों, आपातकालीन सर्जरी तथा सड़क दुर्घटना के गंभीर मरीजों को त्वरित जीवनदान देना और जिले के ब्लड बैंकों में पर्याप्त रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना है।

सुबह 10:00 से दोपहर 3:00 बजे तक होगा रक्तदान

यह शिविर केवल जिला मुख्यालय तक सीमित न रहकर जिले के सभी विकासखंडों (ब्लॉकों) और पुलिस लाइन तक विस्तारित किया गया है। सभी 6 निर्धारित केंद्रों पर एक साथ सुबह 10:00 बजे से दोपहर 3:00 बजे तक रक्तदान किया जा सकेगा।

रक्तदान शिविर हेतु निर्धारित 6 प्रमुख केंद्र:

  1. जिला चिकित्सालय, धमतरी

  1. सिविल अस्पताल, कुरूद

  1. सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र (CHC), मगरलोड

  1. सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र (CHC), नगरी

  1. सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र (CHC), गुजरा

  1. पुलिस लाईन, धमतरी

"जिले के प्रत्येक ब्लॉक में सुविधा, जन-जन बनें इस महायज्ञ का हिस्सा" – डॉ. ए. के. टोंडर (CMHO)

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. ए. के. टोंडर ने कहा कि ग्रामीण व ब्लॉक स्तर के नागरिकों को रक्तदान के लिए जिला मुख्यालय न आना पड़े, इसलिए कुरूद, मगरलोड, नगरी, गुजरा और पुलिस लाइन में भी शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने संदेश दिया कि रक्त का कोई कारखाना नहीं होता, यह केवल एक मनुष्य द्वारा दूसरे मनुष्य को दिया जा सकता है।

प्रशिक्षित पैथोलॉजी टीम और सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध – डॉ. आदित्य सिन्हा (सिविल सर्जन)

सिविल सर्जन डॉ. आदित्य सिन्हा ने बताया कि जिला अस्पताल सहित सभी ब्लॉक केंद्रों व पुलिस लाइन में विशेषज्ञ डॉक्टरों, पैथोलॉजिस्टों एवं ब्लड सेंटर के तकनीकी स्टाफ की विशेष टीमें तैनात रहेंगी।

  • स्वास्थ्य परीक्षण: प्रत्येक रक्तदाता का प्राथमिक स्वास्थ्य परीक्षण (हीमोग्लोबिन, बीपी आदि) नि:शुल्क किया जाएगा।
  • योग्यता: 18 से 65 वर्ष का कोई भी स्वस्थ व्यक्ति रक्तदान कर सकता है।
  • प्रशस्ति पत्र: सभी रक्तदाताओं को स्वास्थ्य विभाग की ओर से प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा।
  • उन्होंने भ्रांतियों को दूर करते हुए स्पष्ट किया कि रक्तदान से शरीर में कोई कमजोरी नहीं आती, बल्कि नए रक्त के निर्माण से स्वास्थ्य और स्फूर्ति में वृद्धि होती है।

सर्व समाज, स्वयंसेवी संस्थाओं (NGOs) एवं मीडिया से सहयोग की अपील

स्वास्थ्य विभाग एवं जिला प्रशासन ने धमतरी जिले के सभी सामाजिक संगठनों, युवा समूहों, स्वयंसेवी संस्थाओं (NGOs), व्यापारिक मंडलों, लायंस व रोटरी क्लब, एनएसएस (NSS), एनसीसी (NCC) कैडेट्स, पुलिस जवानों और नागरिकों से बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है। साथ ही प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक व वेब मीडिया से भी इस जीवनरक्षक महाअभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करने का आग्रह किया गया है।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !