सेवा संकल्प अभियान: गट्टासिल्ली में जनसमस्या निवारण शिविर, 31 आवेदनों में 6 का मौके पर निराकरण
23 ग्राम पंचायतों के ग्रामीणों ने रखीं समस्याएं, लंबित आवेदनों के निराकरण के लिए विभागों को सौंपी गई जिम्मेदारी
नगरी/गट्टासिल्ली, 28 सितंबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ग्राम पंचायत गट्टासिल्ली के मंडी प्रांगण में सोमवार को एक दिवसीय जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में गट्टासिल्ली क्षेत्र से जुड़ी 23 ग्राम पंचायतों के ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में पहुंचकर अपनी समस्याएं, मांगें और शिकायतें अधिकारियों के समक्ष रखीं। शिविर का उद्देश्य ग्रामीणों को विभिन्न शासकीय सेवाओं और योजनाओं से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए एक ही स्थान पर सुविधा उपलब्ध कराना रहा।
शिविर में कुल 31 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें 30 मांग पत्र और एक शिकायत शामिल रही। अधिकारियों द्वारा आवेदनों की जांच कर 6 प्रकरणों का मौके पर ही निराकरण किया गया। वहीं, 2 मांग पत्र और एक शिकायत के निराकरण के लिए समय-सीमा निर्धारित की गई। शेष 22 आवेदनों को समयबद्ध निराकरण के लिए संबंधित विभागों को भेजा गया।
प्राप्त आवेदनों में राजस्व विभाग से 6, वीबीरामजी से 5, प्रधानमंत्री आवास योजना से 4 तथा विद्युत विभाग से 4 आवेदन शामिल रहे। इसके अलावा स्वच्छ भारत मिशन, पंचायत और शिक्षा विभाग से एक-एक आवेदन प्राप्त हुआ। पीएचई, महिला एवं बाल विकास तथा स्वास्थ्य विभाग से कोई आवेदन प्राप्त नहीं हुआ।
शिविर में जनपद पंचायत अध्यक्ष महेश गोटा, जनपद सभापति, 23 ग्राम पंचायतों के सरपंच, सचिव,अनुविभागीय अधिकारी राजस्व श्रीमती प्रीति दुर्गम, मुख्य कार्यपालन अधिकारी एन.के. मांझी, तहसीलदार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भी शिविर में भाग लिया।
शिविर के माध्यम से ग्रामीणों की समस्याओं को सीधे अधिकारियों तक पहुंचाने के साथ ही उनके निराकरण की प्रक्रिया को सरल और समयबद्ध बनाने का प्रयास किया गया। विभागों को लंबित आवेदनों पर निर्धारित समय-सीमा में कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।


