धमतरी..सेवा संकल्प अभियान में आठ जिलों के 340 खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

0

 

धमतरी..सेवा संकल्प अभियान में आठ जिलों के 340 खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

ईएमआरएस पथर्रीडीह में क्लस्टर स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता, सीईओ जयंत नाहटा ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह


उत्तम साहू 

धमतरी, 26 सितंबर। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय (ईएमआरएस) पथर्रीडीह में 25 एवं 26 सितंबर को क्लस्टर स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के आठ जिलों से करीब 340 विद्यार्थियों ने हिस्सा लेकर विभिन्न खेल एवं एथलेटिक्स स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता में ईएमआरएस पथर्रीडीह धमतरी, कोसमबुड़ा एवं मेनपुर गरियाबंद, पेंड्री राजनांदगांव, सोनाखान बलौदाबाजार, तारेगांव जंगल कबीरधाम, बोरिंग महासमुंद और डौंडी बालोद के खिलाड़ी शामिल हुए। प्रतियोगिता का शुभारंभ जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जयंत नाहटा एवं सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग विमल कुमार साहू ने किया। अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया।


           खेल से व्यक्तित्व निर्माण



सीईओ जयंत नाहटा ने खिलाड़ियों से संवाद करते हुए कहा कि खेल केवल शारीरिक क्षमता का प्रदर्शन नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण का महत्वपूर्ण माध्यम है। खेलों से अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, निर्णय लेने की क्षमता और टीम भावना जैसे गुण विकसित होते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से पूरी मेहनत और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लेने तथा जीत-हार से सीख लेकर आगे बढ़ने का आह्वान किया।


खिलाड़ियों के साथ खेला टेबल टेनिस



कार्यक्रम के दौरान नाहटा ने विद्यार्थियों से उनकी खेल रुचियों और तैयारियों की जानकारी ली। खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने के लिए उन्होंने विद्यार्थियों के साथ टेबल टेनिस भी खेला। सीईओ के साथ खेलकर विद्यार्थी काफी उत्साहित नजर आए। इससे विद्यालय परिसर में उत्साह और खेल भावना का माहौल बना रहा।


कई खेलों में दिखा हुनर

प्रतियोगिता में खो-खो, कबड्डी, बास्केटबॉल, वॉलीबॉल, शतरंज, योग और टेबल टेनिस सहित विभिन्न खेलों की स्पर्धाएं आयोजित की गईं। एथलेटिक्स में 100, 400, 800, 1600 मीटर एवं 3 और 5 किलोमीटर दौड़, हर्डल रेस, लंबी कूद और ऊंची कूद जैसी स्पर्धाओं में भी खिलाड़ियों ने दमखम दिखाया।

दो दिवसीय आयोजन ने विद्यार्थियों को स्वस्थ प्रतिस्पर्धा के साथ एक-दूसरे से सीखने और अपने खेल कौशल को निखारने का अवसर दिया। मैदान में खिलाड़ियों का उत्साह और अनुशासन प्रतियोगिता का प्रमुख आकर्षण रहा।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !