कुरुद में नशीली कैप्सूल की बिक्री पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 3 गिरफ्तार
दो अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर 988 कैप्सूल, 2,050 रुपये नकद और 3 मोबाइल जब्त
धमतरी, 25 सितंबर 2026। जिले में नशीली दवाइयों और मादक पदार्थों की अवैध बिक्री व तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कुरुद पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 988 नग नशीले कैप्सूल, 2,050 रुपये नगद और तीन मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जब्त सामग्री की कीमत 27,243 रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 24 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम उमरदा स्थित विशाखापटनम ओवरब्रिज के पास कुछ लोग नशीली कैप्सूल की बिक्री कर रहे हैं। सूचना पर कुरुद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर कार्तिक कोसिरिया (22), निवासी गांधी चौक कुरुद और पंकज पटेल (25), निवासी उमरदा को पकड़ा। उनके कब्जे से 613 नशीले कैप्सूल, 1,050 रुपये नगद और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए। इस मामले में 15,954 रुपये की जब्ती हुई है। थाना कुरुद में अपराध क्रमांक 315/26 के तहत धारा 22(क), 29 एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज किया गया है।
इसी क्रम में पुलिस ने ग्राम भरदा ओवरब्रिज के नीचे चाय दुकान के पास दबिश देकर गुलशन साहू (25), निवासी भरदा को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 375 नशीले कैप्सूल, 1,000 रुपये नगद और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ। इस मामले में कुल 11,289 रुपये की जब्ती की गई है। थाना कुरुद में अपराध क्रमांक 316/26 के तहत धारा 22(ख), 29 एनडीपीएस एक्ट में अपराध दर्ज किया गया है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी नशीले कैप्सूल ग्राहकों को 100 रुपये प्रति कैप्सूल की दर से बेचते थे। इस आधार पर जब्त 988 कैप्सूल की अनुमानित बाजार कीमत 98,800 रुपये आंकी गई है। तीनों आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा जा रहा है।
एसपी भावना पांडेय के निर्देशन में धमतरी पुलिस ने नशीली दवाओं की अवैध बिक्री और तस्करी के खिलाफ अभियान जारी रखने की बात कही है। पुलिस ने आमजन से भी ऐसे मामलों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।

