कुकरेल में ‘सरकार आपके द्वार’ शिविर, 43 आवेदनों में 26 का मौके पर निराकरण

0

 

कुकरेल में ‘सरकार आपके द्वार’ शिविर, 43 आवेदनों में 26 का मौके पर निराकरण

सेवा संकल्प अभियान के तहत 18 ग्राम पंचायतों के ग्रामीणों को मिली योजनाओं की जानकारी, स्वामित्व कार्ड, आयुष्मान कार्ड और आवास की चाबियां भी वितरित

उत्तम साहू,धमतरी/कुकरेल, 23 सितंबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के तहत शासन की योजनाओं और जनकल्याणकारी सेवाओं को ग्रामीणों तक सीधे पहुंचाने के उद्देश्य से ग्राम पंचायत कुकरेल में ‘सेवा सेतु अभियान—सरकार आपके द्वार’ तहसील स्तरीय शिविर आयोजित किया गया। शिविर में कुकरेल क्लस्टर से जुड़े 18 ग्राम पंचायतों के ग्रामीणों ने पहुंचकर विभिन्न विभागों से संबंधित अपनी समस्याएं, मांग और आवश्यकताएं अधिकारियों के समक्ष रखीं।

शिविर में ग्रामीणों से कुल 43 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 26 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया। शेष आवेदनों को संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजा गया। शिविर में कुकरेल सहित सलोनी, दरगहन, छूही, बनबगौद, कांटाकुरीडीह, माकरदोना, सियादेही, कुम्हड़ा, भोथापारा, बाजारकुर्रीडीह, झुरातराई, केरेगांव, डोकाल, सियारीनाला, चनांगांव, बगरूमनाला और खैरभरी ग्राम पंचायतों के ग्रामीण शामिल हुए।


ग्रामीणों को मिला योजनाओं का लाभ

शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने ग्रामीणों को शासन की योजनाओं, पात्रता और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी दी। राजस्व विभाग द्वारा स्वामित्व योजना के तहत विभिन्न ग्रामों के हितग्राहियों को स्वामित्व कार्ड वितरित किए गए। वहीं तीन हितग्राहियों को अस्थायी जाति प्रमाण-पत्र भी प्रदान किया गया।

महिला एवं बाल विकास विभाग ने 3 कुपोषित बच्चों और 2 गर्भवती महिलाओं को सुपोषण किट वितरित की। स्वास्थ्य विभाग ने 5 हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड प्रदान किए। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की ओर से प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना के तहत पूर्ण हो चुके 5 आवासों की चाबी हितग्राहियों को सौंपी गई।


स्थानीय स्तर पर समस्याओं के समाधान पर जोर

जिला पंचायत धमतरी के अध्यक्ष अरुण सार्वा ने कहा कि ‘सरकार आपके द्वार’ शिविर ग्रामीणों और प्रशासन के बीच सीधे संवाद का प्रभावी माध्यम है। शासन की योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्ति तक समय पर पहुंचना जरूरी है। ऐसे शिविरों से ग्रामीणों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिलती है और स्थानीय स्तर पर उनकी समस्याओं के समाधान की प्रक्रिया आसान होती है।

उन्होंने ग्रामीणों से अपनी समस्याएं खुलकर रखने और पात्रतानुसार शासकीय योजनाओं का लाभ लेने की अपील की। साथ ही अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों पर नियमानुसार समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

शिविर में एसडीएम नगरी प्रीति दुर्गम, जनपद पंचायत नगरी के सीईओ नारद मांझी, तहसीलदार कुकरेल ख्याति कंवर, जिला शिक्षा अधिकारी आर.एस. नेताम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। जनपद पंचायत सदस्य चन्द्रकला साहू एवं अजय ध्रुव, सरपंच कुकरेल ओमकार नेताम, सचिव लक्ष्मी साहू सहित संबंधित ग्राम पंचायतों के सरपंच, सचिव और पंच भी मौजूद रहे।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !