मगरलोड ब्लॉक में सीईओ जयंत नाहटा का औचक निरीक्षण, योजनाओं और निर्माण कार्यों की जानी जमीनी हकीकत
समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने और पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के दिए निर्देश
उत्तम साहू मगरलोड
धमतरी, 23 सितंबर 2026। जिला पंचायत धमतरी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जयंत नाहटा ने बुधवार को मगरलोड विकासखंड के विभिन्न ग्रामों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने ग्राम पंचायत सिंगपुर और मोहेरा में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, निर्माण कार्यों, ग्रामीण सुविधाओं और विकास कार्यों की जमीनी स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों-कर्मचारियों को योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचाने तथा निर्माण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
ग्राम पंचायत सिंगपुर में सीईओ ने महतारी सदन, स्वच्छता व्यवस्था, कृषि सहकारी समिति, अटल डिजिटल सुविधा केंद्र, ग्रामीण बैंक, मुक्तिधाम, वृक्षारोपण और प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत निर्माणाधीन आवासों का निरीक्षण किया। महतारी सदन के प्रभावी संचालन के लिए इसे सीएलएफ (क्लस्टर लेवल फेडरेशन) को हैंडओवर करने के निर्देश दिए, ताकि महिला स्व-सहायता समूहों और ग्रामीण महिलाओं की गतिविधियों के लिए इसका बेहतर उपयोग हो सके।
उन्होंने पंचायत क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था की नियमित निगरानी और सार्वजनिक स्थलों पर साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए। वृक्षारोपण कार्यों का जायजा लेते हुए पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर शासन की योजनाओं से मिल रहे लाभ, स्थानीय जरूरतों और विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। एग्रीस्टेक पंजीयन की समीक्षा में अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर कृषि सहकारी समिति के प्रबंधक के प्रति नाराजगी जताई और पंजीयन कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने पात्र किसानों का समयबद्ध पंजीयन सुनिश्चित करने को कहा।
प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत निर्माणाधीन आवासों का निरीक्षण करते हुए उन्होंने निर्माण की प्रगति जानी और सभी आवासों को निर्धारित समय में पूर्ण करने के निर्देश दिए। वहीं निर्माणाधीन मुक्तिधाम के कार्य में गुणवत्ता और निर्धारित मापदंडों का पालन सुनिश्चित करने को कहा।
इसके बाद सीईओ ने बुटीगढ़ पर्यटन स्थल का निरीक्षण कर पर्यटन की संभावनाओं और विकास कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने प्रसिद्ध निरई माता मंदिर में दर्शन किए तथा मंदिर समिति के सदस्यों से चर्चा कर क्षेत्र की व्यवस्थाओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली।
ग्राम पंचायत मोहेरा में प्रधानमंत्री जनमन क्षेत्र के अंतर्गत निर्माणाधीन आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण कर गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निर्माण के निर्देश दिए। इसके बाद मिडिल एवं हाईस्कूल का निरीक्षण कर विद्यार्थियों से पढ़ाई, उपस्थिति और विद्यालयीन सुविधाओं को लेकर संवाद किया। उन्होंने विद्यार्थियों से सामान्य ज्ञान एवं पढ़ाई से जुड़े सवाल पूछे और उनके साथ मध्यान्ह भोजन ग्रहण कर भोजन की गुणवत्ता व व्यवस्था का जायजा लिया।
सीईओ ने शिक्षकों को विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और अनुशासन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मैदानी स्तर पर योजनाओं और विकास कार्यों का प्रभावी क्रियान्वयन प्रशासन की प्राथमिकता है।
निरीक्षण के दौरान जनपद पंचायत मगरलोड के प्रभारी सीईओ रोहित बोर्झा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

