अवैध रेत परिवहन पर खनिज विभाग की बड़ी कार्रवाई, 5 वाहन जब्त
अवैध रेत परिवहन पर खनिज विभाग की बड़ी कार्रवाई, 5 वाहन जब्त
धमतरी, 4 सितंबर 2026। जिले में अवैध रेत परिवहन के खिलाफ खनिज विभाग ने सख्त कार्रवाई करते हुए 5 वाहनों को जब्त किया है। विगत 2 सितंबर को ग्राम अछोटा, कोलियारी, अमेठी, परसुली एवं आसपास के क्षेत्रों में खनिज विभाग के अमले ने सघन जांच अभियान चलाया। इस दौरान रेत का अवैध परिवहन करते पाए गए वाहनों को जब्त कर नियमानुसार कार्रवाई की गई।
जब्त वाहनों के विरुद्ध खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 तथा छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम, 2015 के प्रावधानों के तहत अर्थदंड वसूली की कार्रवाई की जा रही है।
309 प्रकरणों में 89.64 लाख रुपये का अर्थदंड
खनिज विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार वित्तीय वर्ष 2026-27 में 3 सितंबर 2026 तक जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के कुल 309 प्रकरण दर्ज किए गए हैं। इन मामलों में अब तक 89 लाख 64 हजार 281 रुपये का अर्थदंड वसूल कर खनिज मद में जमा कराया गया है तथा नियमानुसार प्रकरणों का प्रशमन किया गया है।
उड़नदस्ता दल की लगातार निगरानी
जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण पर प्रभावी नियंत्रण के लिए खनिज विभाग का उड़नदस्ता दल लगातार जांच और निगरानी कर रहा है। संवेदनशील क्षेत्रों में आकस्मिक जांच के साथ-साथ प्राप्त शिकायतों के आधार पर भी त्वरित कार्रवाई की जा रही है।
खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनिज गतिविधियों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित वाहन मालिकों एवं व्यक्तियों के विरुद्ध प्रचलित कानूनों के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। विभागीय अमला जिलेभर में लगातार क्षेत्रीय निगरानी और जांच अभियान चला रहा है।

