धमतरी में होगा ‘मॉनसून क्रिएटर्स मीट-अप’, युवाओं को मिलेगा डिजिटल कौशल और रचनात्मकता का मंच
5 और 6 सितंबर को दो दिवसीय आयोजन, प्रदेशभर के कंटेंट क्रिएटर्स, इन्फ्लुएंसर्स और डिजिटल स्टोरीटेलर्स होंगे शामिल
उत्तम साहू,धमतरी, 4 सितंबर 2026। युवाओं की रचनात्मकता, डिजिटल कौशल, नवाचार और अभिव्यक्ति क्षमता को नई दिशा देने के उद्देश्य से जिला प्रशासन धमतरी द्वारा 5 एवं 6 सितंबर को दो दिवसीय ‘मॉनसून क्रिएटर्स मीट-अप’ का आयोजन किया जाएगा। Dhamtari YUVA – Youth Skill Upgradation and Value Addition की भावना के अनुरूप आयोजित यह कार्यक्रम प्रदेशभर के युवाओं और डिजिटल क्रिएटर्स को एक साझा मंच प्रदान करेगा।
इस आयोजन में छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से कंटेंट क्रिएटर्स, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स, यूट्यूबर्स, इंस्टाग्राम क्रिएटर्स, फोटोग्राफर्स, वीडियोग्राफर्स, ब्लॉगर्स, व्लॉगर्स एवं डिजिटल स्टोरीटेलर्स शामिल होंगे। कार्यक्रम में कंटेंट क्रिएटर्स खिलेश्वर धमतरी, विशाल सागर बस्तर, दीपक पटेल बिलासपुर, शुभम जगदलपुर, अनुपम सिन्हा दुर्ग और दोमेंद्र निषाद धमतरी सहित अन्य रचनात्मक प्रतिभाएं अपने अनुभव साझा करेंगी।
डिजिटल कंटेंट निर्माण से लेकर व्यक्तिगत ब्रांडिंग तक मिलेगा सीखने का अवसर
‘मॉनसून क्रिएटर्स मीट-अप’ के माध्यम से प्रतिभागियों को डिजिटल कंटेंट निर्माण, प्रभावी स्टोरीटेलिंग, फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी, सोशल मीडिया के बेहतर उपयोग, व्यक्तिगत ब्रांडिंग तथा स्थानीय विषयों को आकर्षक ढंग से प्रस्तुत करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर सीखने और अनुभव साझा करने का अवसर मिलेगा।
आयोजन का उद्देश्य युवाओं को डिजिटल माध्यमों के सकारात्मक और प्रभावी उपयोग के लिए प्रेरित करना है। साथ ही धमतरी और छत्तीसगढ़ की स्थानीय कला, संस्कृति, पर्यटन, प्राकृतिक सौंदर्य, लोक परंपराओं और विकास की कहानियों को रचनात्मक डिजिटल माध्यमों के जरिए व्यापक पहचान दिलाना भी इसका प्रमुख उद्देश्य है।
संवाद और नेटवर्किंग से खुलेंगे नए अवसर
दो दिवसीय कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों के बीच संवाद, विचारों का आदान-प्रदान, नेटवर्किंग और आपसी सहयोग की संभावनाएं विकसित होंगी। युवा डिजिटल क्षेत्र में उपलब्ध नए अवसरों को समझने के साथ अनुभवी क्रिएटर्स से सीख सकेंगे।
धमतरी जिला अपनी प्राकृतिक संपदा, गंगरेल जलाशय, वनांचल, ग्रामीण जीवन, समृद्ध लोक संस्कृति और पर्यटन स्थलों के लिए विशेष पहचान रखता है। ऐसे आयोजन इन स्थानीय विशेषताओं को नई पीढ़ी के डिजिटल क्रिएटर्स से जोड़ते हुए उन्हें राष्ट्रीय और व्यापक मंच तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
रचनात्मकता से रोजगार और उद्यमिता की संभावनाएं
युवाओं की रचनात्मक ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देकर स्थानीय स्तर पर रोजगार, उद्यमिता और डिजिटल क्षेत्र में नए अवसरों की संभावनाओं को भी मजबूत किया जा सकता है। डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से स्थानीय प्रतिभाओं और धमतरी की विशेष पहचान को देश-दुनिया तक पहुंचाने की दिशा में यह आयोजन एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने कहा कि आज के डिजिटल दौर में युवाओं की रचनात्मकता और तकनीकी दक्षता विकास की महत्वपूर्ण शक्ति है। उन्होंने कहा कि ‘मॉनसून क्रिएटर्स मीट-अप’ केवल एक रचनात्मक आयोजन नहीं, बल्कि युवाओं के कौशल उन्नयन, विचारों के आदान-प्रदान और स्थानीय प्रतिभाओं को मंच देने की पहल है।
कलेक्टर ने कहा कि प्रयास है कि युवा अपनी रचनात्मक क्षमता का उपयोग सकारात्मक सामाजिक संदेशों, स्थानीय संस्कृति, पर्यटन और विकास की उपलब्धियों को देश-दुनिया तक पहुंचाने में करें। ऐसे मंच युवाओं को सीखने, जुड़ने और नए अवसर तलाशने के लिए प्रेरित करेंगे।
जिला प्रशासन ने प्रदेशभर के डिजिटल क्रिएटर्स और युवाओं से आयोजन में सहभागिता कर धमतरी की रचनात्मक एवं डिजिटल पहचान को नई ऊंचाई देने का आह्वान किया है।
आयोजन से संबंधित जानकारी के लिए संपर्क करें: +91 78060 83218

