राठी गोदाम के पास जुआ फड़ पर कोतवाली पुलिस की दबिश, 6 जुआरी गिरफ्तार
55 हजार 650 रुपये नकद और 52 पत्ती ताश जब्त, जुआ-सट्टा पर एसपी भावना पांडेय की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्रवाई
उत्तम साहू,धमतरी, 4 सितंबर 2026। धमतरी पुलिस ने जुआ-सट्टा एवं अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान तेज करते हुए जालमपुर स्थित राठी गोदाम के पास काट-पत्ती जुआ खेल रहे 6 आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे एवं जुआ फड़ से 55 हजार 650 रुपये नकद और 52 पत्ती ताश जब्त की है।
पुलिस अधीक्षक धमतरी श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में जिले में जुआ-सट्टा, अवैध शराब एवं अन्य असामाजिक गतिविधियों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि जालमपुर स्थित राठी गोदाम के सामने कुछ लोग ताश के पत्तों पर रुपये का दांव लगाकर काट-पत्ती जुआ खेल रहे हैं।
सूचना की तस्दीक के बाद कोतवाली पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और योजनाबद्ध तरीके से घेराबंदी कर जुआ खेल रहे लोगों को दबोच लिया। कार्रवाई के दौरान 6 आरोपी जुआ खेलते हुए पकड़े गए।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और जुआ फड़ से कुल 55,650 रुपये नगद तथा 52 पत्ती ताश बरामद कर विधिवत जब्त किया। आरोपियों के विरुद्ध थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 211/26 के तहत जुआ एक्ट की धारा 3(2) में अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों में शामिल
गिरफ्तार आरोपियों में मकेश्वर वार्ड निवासी सतीश अहमद, इतवारी बाजार निवासी गोपाल साहू, महंत घासीदास वार्ड निवासी दीपक केसरिया, बड़े मस्जिद क्षेत्र निवासी अजमद हुसैन, रामसागर पारा निवासी सुनील मेश्राम तथा पोस्ट ऑफिस वार्ड निवासी दुर्गेश्वर सोनी शामिल हैं।
अवैध गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई जारी
धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में जुआ-सट्टा एवं सभी प्रकार की अवैध और असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया गया है। पुलिस द्वारा लगातार निगरानी रखी जा रही है और सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध गतिविधियों के लिए कोई स्थान नहीं है और कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।

