शराब पीने से मना करने पर पत्नी के सिर पर हथौड़े से हमला, आरोपी पति गिरफ्तार

0

 

शराब पीने से मना करने पर पत्नी के सिर पर हथौड़े से हमला, आरोपी पति गिरफ्तार

मगरलोड पुलिस की त्वरित कार्रवाई, गंभीर रूप से घायल महिला का जिला अस्पताल में उपचार जारी

                     उत्तम साहू, मगरलोड 

धमतरी, 4 सितंबर 2026।
शराब पीने से मना करने पर पत्नी के सिर पर लोहे के हथौड़े से जानलेवा हमला करने वाले आरोपी पति को मगरलोड पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लोहे का हथौड़ा सहित अन्य महत्वपूर्ण भौतिक साक्ष्य जब्त किए हैं।

पुलिस के अनुसार ग्राम भैंसमुंडी निवासी आरोपी चम्मन लाल साहू (36 वर्ष) 2 सितंबर की रात शराब के नशे में घर पहुंचा था। शराब पीने को लेकर उसकी पत्नी किरण साहू से विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने गुस्से में आकर लोहे के हथौड़े से पत्नी के सिर पर कई वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया और मौके से फरार हो गया।


डायल-112 की मदद से पहुंचाया गया अस्पताल

घटना की सूचना मिलते ही परिजनों ने तत्काल डायल-112 को सूचना दी। पुलिस टीम ने घायल महिला को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मगरलोड पहुंचाया। महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल धमतरी रेफर कर दिया, जहां उसका उपचार जारी है।


एसपी के निर्देश पर तत्काल शुरू हुई तलाश

पुलिस अधीक्षक धमतरी श्रीमती भावना पांडेय के निर्देश पर थाना मगरलोड पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना मगरलोड में धारा 109 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

विवेचना के दौरान पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मौका नक्शा तैयार किया तथा प्रार्थी और गवाहों के बयान दर्ज किए। घायल महिला का चिकित्सकीय परीक्षण भी कराया गया।

पुलिस टीम ने आरोपी चम्मन लाल साहू को हिरासत में लेकर पूछताछ की। उसके मेमोरेण्डम कथन के आधार पर आरोपी की निशानदेही से घटना में प्रयुक्त लोहे का हथौड़ा गवाहों के समक्ष बरामद कर विधिवत जब्त किया गया। इसके अलावा घटना से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण भौतिक साक्ष्य भी पुलिस ने जब्त किए हैं।

आरोपी को गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।


पुलिस की अपील—घरेलू विवाद में हिंसा का सहारा न लें

धमतरी पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि घरेलू विवाद की स्थिति में हिंसा का सहारा न लें। किसी भी प्रकार की आपराधिक घटना अथवा हिंसा की आशंका होने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।

पुलिस ने कहा कि आमजन की सुरक्षा एवं जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए धमतरी पुलिस प्रतिबद्ध है।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !