पिता के निधन के तीन माह से भी कम समय में बेटी को मिली अनुकंपा नियुक्ति,
सीईओ जयंत नाहटा ने सौंपा नियुक्ति आदेश
उत्तम साहू
धमतरी, 01 सितंबर 2026। जिला पंचायत धमतरी ने मानवीय संवेदनशीलता और त्वरित प्रशासनिक कार्रवाई का परिचय देते हुए दिवंगत पंचायत सचिव भूपेन्द्र देवांगन की पुत्री सुश्री गायत्री देवांगन को अनुकंपा नियुक्ति प्रदान की है। पिता के निधन के तीन माह से भी कम समय में नियुक्ति की प्रक्रिया पूर्ण कर उन्हें पंचायत सचिव (कर्मी) के पद पर नियुक्ति आदेश सौंपा गया।
जिला पंचायत धमतरी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री जयंत नाहटा ने जिला पंचायत कार्यालय में सुश्री गायत्री देवांगन को नियुक्ति आदेश प्रदान किया। इस अवसर पर जिला लेखाधिकारी श्री चंदन टंडन एवं उपसंचालक पंचायत श्री नकुल प्रसाद वर्मा भी उपस्थित थे।
जानकारी के अनुसार, स्वर्गीय भूपेन्द्र देवांगन जनपद पंचायत नगरी अंतर्गत ग्राम पंचायत खम्हरिया में पंचायत सचिव के पद पर कार्यरत थे। उनका 04 मई 2026 को हृदयगति रुकने से आकस्मिक निधन हो गया था। उनकी सेवा अवधि के लगभग आठ वर्ष शेष थे। उनके निधन के बाद परिवार के समक्ष उत्पन्न आर्थिक एवं सामाजिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा जारी सेवा शर्तों तथा शासन के प्रचलित निर्देशों के अनुरूप उनकी पुत्री सुश्री गायत्री देवांगन को अनुकंपा नियुक्ति प्रदान की गई।
सुश्री गायत्री देवांगन को दो वर्ष की परिवीक्षा अवधि के लिए अस्थायी रूप से जनपद पंचायत नगरी में पदस्थ किया गया है। नियुक्ति के बाद उन्हें दो माह की उन्मुखीकरण अवधि के दौरान जनपद पंचायत नगरी में कार्य करने का अवसर मिलेगा। इस अवधि में वे पंचायत सचिव के दायित्वों, पंचायतों के प्रशासनिक कार्यों तथा शासन की विभिन्न ग्रामीण विकास योजनाओं के क्रियान्वयन की प्रक्रिया से परिचित होंगी।
उन्मुखीकरण अवधि पूर्ण होने के बाद संबंधित जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी द्वारा रिक्त ग्राम पंचायतों के प्रस्ताव के आधार पर उनकी आगामी पदस्थापना की जाएगी। नियुक्ति शासन द्वारा निर्धारित सेवा शर्तों एवं नियमों के अधीन होगी तथा परिवीक्षा अवधि के दौरान उनके कार्य, व्यवहार एवं आचरण का नियमित मूल्यांकन किया जाएगा।
नियुक्ति आदेश के अनुसार सुश्री गायत्री देवांगन को पांच दिवस के भीतर अनिवार्य रूप से कार्यभार ग्रहण करना होगा। निर्धारित अवधि में कार्यभार ग्रहण नहीं करने की स्थिति में नियुक्ति आदेश स्वतः निरस्त माना जाएगा।
गौरतलब है कि अनुकंपा नियुक्ति शासन की संवेदनशील प्रशासनिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जिसके माध्यम से दिवंगत शासकीय सेवक के परिवार के एक सदस्य को रोजगार का अवसर प्रदान कर आर्थिक संबल उपलब्ध कराया जाता है। सुश्री गायत्री देवांगन की नियुक्ति से परिवार को आर्थिक सहारा मिलने के साथ ही भविष्य की जिम्मेदारियों को संभालने में भी सहयोग मिलेगा।

