भगवान श्रीकृष्ण के आदर्शों को जीवन में आत्मसात करें विद्यार्थी : अरुण सार्वा
सरस्वती शिशु मंदिर मड़ईमाठा में जन्माष्टमी महोत्सव का भव्य आयोजन, राधा-कृष्ण सजाओ प्रतियोगिता और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
उत्तम साहू
धमतरी। सरस्वती शिशु मंदिर उच्च माध्यमिक विद्यालय मड़ईमाठा में भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव का पर्व जन्माष्टमी महोत्सव भक्तिमय और उल्लासपूर्ण वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्रीकृष्ण एवं राधा जी के विधिवत पूजन-अर्चन के साथ हुआ। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने धार्मिक एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण के जीवन, उनके आदर्शों और शिक्षाओं को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।
महोत्सव का प्रमुख आकर्षण राधा-कृष्ण सजाओ प्रतियोगिता रही। विद्यालय के नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने राधा-कृष्ण की मनमोहक वेशभूषा धारण कर प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। रंग-बिरंगे परिधानों में सजे बच्चों ने अपनी मासूम अदाओं और आकर्षक प्रस्तुतियों से अतिथियों, अभिभावकों एवं दर्शकों का मन मोह लिया। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने पूरे विद्यालय परिसर को भक्ति और उत्साह से सराबोर कर दिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत धमतरी के अध्यक्ष अरुण सार्वा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन हमें धर्म, कर्म, सत्य और कर्तव्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को श्रीकृष्ण के आदर्शों को केवल पुस्तकों तक सीमित नहीं रखना चाहिए, बल्कि उन्हें अपने व्यवहार और जीवन में आत्मसात करना चाहिए। उन्होंने भारतीय संस्कृति, संस्कार और परंपराओं को नई पीढ़ी से जोड़ने के लिए विद्यालय द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता श्रीराम शिक्षण समिति के अध्यक्ष अखिलेश शाह पवार ने की। विशिष्ट अतिथियों के रूप में जनपद पंचायत कुरूद की अध्यक्ष गितेश्वरी साहू, जिला पंचायत सदस्य धनेश्वरी साहू, सोसायटी कुरूद के अध्यक्ष मुरारी यदु, ग्राम पंचायत मड़ईमाठा के सरपंच चन्द्रेश चांद, ग्राम पंचायत इरा के सरपंच सूर्यकांत साहू, सरस्वती शिशु मंदिर के व्यवस्थापक जितेन्द्र यदु तथा श्रीराम शिक्षण समिति के उपाध्यक्ष परमेश्वर साहू उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन अमृत साहू ने किया। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य जितेन्द्र साहू सहित गिरीश पवार, चम्पादेवी, भगवती पवार, रेणुका साहू, चन्द्रकला, तोरण निर्मलकर, नेहा नायकवाड़, राजकुमार, नेमीन साहू, डिम्पल यदु, धनेश्वरी साहू, रीतु साहू, मीना कुर्रे, पूजा साहू, महेश्वरी साहू, जागेश साहू, नरेन्द्र पाठक एवं होरी लाल सहित विद्यालय परिवार, अभिभावक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
जन्माष्टमी महोत्सव ने विद्यार्थियों में भारतीय संस्कृति, धार्मिक परंपराओं और संस्कारों के प्रति आस्था एवं सम्मान की भावना को और मजबूत किया। पूरे आयोजन के दौरान विद्यालय परिसर श्रीकृष्ण भक्ति, उल्लास और सांस्कृतिक रंगों से सराबोर रहा।

