उड़ीसा से दिल्ली तक गांजे की खेप पहुंचाने निकले थे दो तस्कर, सिहावा पुलिस ने दबोचा

0

 

उड़ीसा से दिल्ली तक गांजे की खेप पहुंचाने निकले थे दो तस्कर, सिहावा पुलिस ने दबोचा

20.400 किलो गांजा जब्त, बाइक-मोबाइल समेत 11.80 लाख रुपए का मशरूका बरामद


उत्तम साहू, नगरी 

धमतरी, 9 सितंबर 2026। उड़ीसा से गांजे की खेप लेकर दिल्ली जा रहे अंतरराज्यीय तस्करों की योजना को सिहावा पुलिस ने रास्ते में ही ध्वस्त कर दिया। “ऑपरेशन निश्चय” के तहत पुलिस ने रतावा फॉरेस्ट नाका के पास घेराबंदी कर रॉयल एनफील्ड मोटरसाइकिल सवार दो युवकों को पकड़ा। तलाशी के दौरान उनके बैग से 20 किलो 400 ग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत 10 लाख 20 हजार रुपए बताई गई है।

पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सिहावा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि स्लेटी रंग की रॉयल एनफील्ड मोटरसाइकिल क्रमांक DL-3SFD 9699 से दो व्यक्ति उड़ीसा की ओर से गांजा लेकर जा रहे हैं।

सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने मेन रोड स्थित रतावा फॉरेस्ट नाका के सामने घेराबंदी की। मुखबिर के बताए हुलिए और वाहन नंबर के आधार पर बाइक को रोककर दोनों संदिग्धों से पूछताछ की गई। विधिवत तलाशी लेने पर ट्रॉली बैग और सफारी बैग के भीतर सेलोटेप से पैक किया हुआ गांजा बरामद हुआ।


गांजे के साथ बाइक और मोबाइल भी जब्त

सिहावा पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 20.400 किलो गांजा (कीमत 10,20,000 रुपए), रॉयल एनफील्ड मोटरसाइकिल (कीमत 1,50,000 रुपए) तथा ओप्पो मोबाइल फोन (कीमत 10,000 रुपए) जब्त किया। कार्रवाई में कुल 11,80,000 रुपए का मशरूका बरामद किया गया।


दिल्ली और उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं आरोपी

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान एहतेशाम, पिता इस्लाम, उम्र 27 वर्ष, निवासी बेहड़ा सादात, बहरह सादात ककरौली, जिला मुजफ्फरनगर (उत्तर प्रदेश) तथा तुषार कश्यप, पिता अनिल कुमार कश्यप, उम्र 23 वर्ष, निवासी एफ-178, गली नंबर 05, चांद बाग, करावल नगर, मंदिर मार्ग, उत्तर-पूर्वी दिल्ली के रूप में हुई है।

दोनों के खिलाफ थाना सिहावा में अपराध क्रमांक 70/2026 के तहत धारा 20(ख) नारकोटिक एक्ट में मामला दर्ज किया गया। आरोपियों को 9 सितंबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। प्रकरण में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।


नशे के सौदागरों को पुलिस का सख्त संदेश

धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार को किसी भी कीमत पर पनपने नहीं दिया जाएगा। “ऑपरेशन निश्चय” के तहत नशे के कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ धरपकड़ और वैधानिक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !