पाईकभाठा में सरपंच की कुर्सी गई, अविश्वास प्रस्ताव पारित

0

 

पाईकभाठा में सरपंच की कुर्सी गई, अविश्वास प्रस्ताव पारित

पति को पंचायत के विकास कार्यों का ठेका देने और मनमानी के आरोपों के बीच हुआ मतदान, 14 पंचों ने जताया अविश्वास; समर्थन में पड़े महज 2 वोट


उत्तम साहू 

नगरी/पाईकभाठा। ग्राम पंचायत पाईकभाठा में लंबे समय से चल रहे सरपंच के खिलाफ असंतोष का आखिरकार पटाक्षेप हो गया। महिला सरपंच के विरुद्ध लाए गए अविश्वास प्रस्ताव पर हुए मतदान में प्रस्ताव पारित हो गया, जिसके साथ ही सरपंच की कुर्सी चली गई। अविश्वास प्रस्ताव को लेकर पंचायत में हुए मतदान में सरपंच समेत कुल 16 पंचों ने हिस्सा लिया। इनमें 14 मत अविश्वास प्रस्ताव के पक्ष में, जबकि सरपंच के समर्थन में केवल 2 वोट पड़े।

मामला सिहावा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत पाईकभाठा का है। महिला सरपंच के खिलाफ पंचों ने पंचायत के कामकाज में मनमानी, पंचों को विकास कार्यों की पर्याप्त जानकारी नहीं देने तथा अपने पति को पंचायत के विकास कार्यों का ठेका दिए जाने समेत कई गंभीर आरोप लगाए थे। आरोपों को लेकर पंचों ने एसडीएम कार्यालय में अविश्वास प्रस्ताव पेश किया था।

निर्धारित प्रक्रिया के तहत शुक्रवार को अविश्वास प्रस्ताव पर मतदान कराया गया। मतदान के परिणाम सामने आते ही सरपंच के खिलाफ पंचों की नाराजगी स्पष्ट हो गई। कुल 16 मतों में से 14 वोट प्रस्ताव के पक्ष में जाने से अविश्वास प्रस्ताव पारित हो गया।


अब उपसरपंच संभालेंगे पंचायत की कमान

अविश्वास प्रस्ताव पारित होने के बाद अब ग्राम पंचायत की कमान उपसरपंच बतौर कार्यवाहक अध्यक्ष संभालेंगे। नियमानुसार आगामी प्रक्रिया पूरी होने के बाद लगभग छह माह के भीतर ग्राम पंचायत में उपचुनाव कराया जाएगा। फिलहाल पाईकभाठा पंचायत में सरपंच पद रिक्त होने के बाद राजनीतिक और प्रशासनिक गतिविधियां तेज होने की संभावना है।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !